home page

सऊदी अरब में फंसे उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल की वापसी के लिए धामी ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र

 | 
सऊदी अरब में फंसे उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल की वापसी के लिए धामी ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र


देहरादून, 12 अगस्त (हि.स.)। सऊदी अरब में कथित तौर पर बंधक जैसी स्थिति में रह रहे उत्तरकाशी निवासी इंद्रमणि नौटियाल की सकुशल स्वदेश वापसी के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्रालय से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर नौटियाल को आवश्यक न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उन्हें सऊदी अरब से सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई का अनुरोध किया है।

मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्री को भेजे पत्र में बताया है कि उत्तरकाशी निवासी इंद्रमणि नौटियाल पुत्र देवी राम नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे। वहां वह रियाद स्थित पिकक रोड्स एंड कॉन्ट्रेक्टिंग कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। वर्ष 2018 में कार्य के दौरान वह एक गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे।

दुर्घटना के बाद सऊदी अरब की न्यायिक प्रक्रिया के तहत नौटियाल को एक वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई थी। वहीं, ट्रक के बीमा और पंजीकरण संबंधी कमी के मामले में कंपनी मालिक पर नौ लाख सऊदी रियाल का जुर्माना लगाया गया था। इस जुर्माने की भारतीय मुद्रा में अनुमानित राशि करीब 2.29 करोड़ रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना को कई वर्ष बीत जाने के बावजूद कंपनी मालिक की ओर से जुर्माने की राशि का भुगतान नहीं किया गया है। आरोप है कि इंद्रमणि नौटियाल को कथित तौर पर बंधक जैसी स्थिति में रखकर जुर्माने की राशि अदा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इस स्थिति के चलते उनका परिवार लंबे समय से परेशान है।

नौटियाल की पत्नी और पुत्री ने उनकी स्वदेश वापसी के लिए अपने स्तर से विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए, लेकिन अपेक्षित सहायता नहीं मिल सकी। परिवार के सामने मानसिक और आर्थिक कठिनाइयां भी बनी हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से पूरे मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है। उन्होंने नौटियाल को कथित बंधक जैसी स्थिति से मुक्त कराने, उन्हें आवश्यक न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशों में कठिन परिस्थितियों में फंसे किसी भी उत्तराखंडी नागरिक की सहायता के लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से मामले में प्रभावी हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई, ताकि इंद्रमणि नौटियाल को राहत मिल सके और उनका परिवार उनके सकुशल घर लौटने की उम्मीद पूरी कर सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय