home page

बदरीनाथ के कपाट बंद होने के साथ चारधाम यात्रा संपन्न, 23.49 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 | 
बदरीनाथ के कपाट बंद होने के साथ चारधाम यात्रा संपन्न, 23.49 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


- रात 9:37 बजे संपन्न हुई कपाट बंद करने की प्रक्रिया, चारों धामों में पहुंचे 65.65 लाख तीर्थयात्री- केदारनाथ में 19.33 लाख और गंगोत्री में 10.07 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन-गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ के कपाट पहले ही हो चुके हैं बंद, अब शीतकालीन प्रवास स्थलों पर होंगे दर्शन

बदरीनाथ, 16 नवंबर (हि.स.)। भगवान बदरीविशाल के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड के चारों धामों की इस वर्ष की ग्रीष्मकालीन यात्रा संपन्न हो गई। गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट पहले ही शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे। मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया था और सेना के बैंड की धुनों के बीच धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया।

कपाट बंद होने से पहले सुबह ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर के द्वार खोले गए। भगवान का अभिषेक और श्रृंगार कर नियमित दर्शन शुरू हुए। दिनभर श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। शाम आठ बजे से कपाट बंद करने की विशेष प्रक्रिया शुरू हुई। रावल अमरनाथ नंबूदरी ने परंपरा के अनुसार स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी को उनके मंदिर से भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराया। इसके बाद भगवान की निर्वाण मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रात 9:37 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए।

रविवार को हुई बारिश और बर्फबारी के बाद धाम में ठंड बढ़ गई थी। आसपास की चोटियों पर बर्फ जमी रही,हालांकि सोमवार को मौसम साफ होने से श्रद्धालुओं को राहत मिली। कपाट बंद होने के मौके पर सेना और दानदाताओं की ओर से भंडारे भी लगाए गए।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष 23.49 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर दर्शन किए। उन्होंने यात्रा से जुड़े सभी लोगों का आभार जताते हुए कहा कि शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय कप्रवाण और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने भी यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले विभागों, संस्थाओं और तीर्थ पुरोहितों का आभार जताया।

पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ में होगी शीतकालीन पूजा: कपाट बंद होने के बाद मंगलवार को भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियां सेना के बैंड के साथ योग बदरी पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी। यहां शीतकाल में दोनों देवताओं की पूजा-अर्चना होगी। वहीं, भगवान गरुड़ की प्रतिमा और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंचेगी। गरुड़ जी मंगलवार को सीधे ज्योतिर्मठ रवाना होंगे,जबकि रावल और नायब रावल शंकराचार्य की गद्दी के साथ पांडुकेश्वर में प्रवास करेंगे। 18 नवंबर को शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ के नृसिंह मंदिर में विराजमान होगी।

बदरीनाथ धाम में 12 नवंबर से पंच पूजाएं शुरू हो गई थीं। 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित किया गया और उन्हें गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण दिया गया। इससे पहले आदि केदारेश्वर सहित अन्य सहवर्ती मंदिरों के कपाट भी बंद कर दिए गए थे। सोमवार को माता मूर्ति मंदिर और भविष्य बदरी सुभाई के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं की सर्वाधिक संख्या बदरीनाथ धाम में दर्ज की गई। चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन की 16 नवंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार, बदरीनाथ धाम में इस वर्ष कुल 23 लाख 49 हजार 345 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वहीं, चारों धामों में कुल 65 लाख 65 हजार 197 श्रद्धालु पहुंचे। रिपोर्ट के मुताबिक, केदारनाथ धाम में 19 लाख 33 हजार 138, गंगोत्री धाम में 10 लाख 7 हजार 177 और यमुनोत्री धाम में 8 लाख 84 हजार 841 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके अतिरिक्त हेमकुंड साहिब में इस वर्ष 3 लाख 90 हजार 696 श्रद्धालु पहुंचे। बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने के दिन भी श्रद्धालुओं की अच्छी संख्या रही। कपाट बंद होने तक 9,573 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इसके साथ ही इस वर्ष की यात्रा का समापन हुआ। शीतकाल के लिए चारों धामों के कपाट बंद होने के बाद जारी इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि इस वर्ष भी चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। बदरीनाथ धाम श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से पहले स्थान पर रहा, जबकि केदारनाथ दूसरे स्थान पर रहा।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को, केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट 11 नवंबर को और बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद हुए हैं। अब श्रद्धालु शीतकालीन प्रवास स्थलों पर भगवान के दर्शन कर सकेंगे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल