भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड प्रवास : संगठन, संत समाज और युवा संवाद पर रहेगा फोकस
-राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड प्रवास में संतों से संवाद और गंगा आरती कार्यक्रम शामिल
देहरादून, 27 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड प्रवास के दाैरान दाे नए का र्यक्रम और जाेड़े गए हैंं। वे संगठनात्मक बैठकों, जनप्रतिनिधियों से संवाद व युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों के साथ अब संत समाज और शिक्षाविदाें से भी मुलाकात करेंगे।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में शामिल हाेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष संत समाज से आशीर्वाद प्राप्त करेंगे और धार्मिक व सामाजिक विषयों पर संवाद भी करेंगे। चौहान ने बताया कि इसके साथ ही प्रवास के दौरान विभिन्न संगठनात्मक बैठकों, जनप्रतिनिधियों के संवाद और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्हाेंने बताया कि 28 मई काे राष्ट्रीय अध्यक्ष जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां से वे प्रदेश पार्टी कार्यालय जाएंगे। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। भाजपा प्रदेश कार्यालय में नवीन प्रदेश कोर कमेटी और मंत्रिमंडल के सदस्याें के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद नितिन नवीन 29 मई को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ मुलाकात करेंगे। यहां से राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और परिजनों से भेंट करेंगे। इसके बाद सांसदों और विधायकों के साथ बैठक होगी।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि इसी दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष की प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक भी प्रस्तावित है। महापौरों, नगर निकाय प्रतिनिधियों, जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ अलग बैठक हाेगी। शाम को मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी विभाग के कार्यकर्ताओं और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम रखा गया है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि 30 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद बूथ अध्यक्ष के आवास पर जलपान और बूथ समिति की बैठक में भाग लेंगे। कार्यक्रम के अनुसार डाकरा बाजार क्षेत्र में बूथ समिति के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी आयोजित की जाएगी। प्रवास के अंतिम दिन शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में “विकसित भारत 2047 : उच्च शिक्षा की परिवर्तनकारी भूमिका” विषय पर प्रबुद्ध गोष्ठी में राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल हाेंगे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करेंगे और शाम को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

