home page

चुनावी मोड में उत्तराखंड भाजपा, बूथ से लोकसभा स्तर तक संगठन को धार देने की तैयारी

 | 
चुनावी मोड में उत्तराखंड भाजपा, बूथ से लोकसभा स्तर तक संगठन को धार देने की तैयारी


-कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर भाजपा का फोकस,सितंबर में चलेगा विशेष संपर्क अभियान

देहरादून, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए आगामी महीनों के कार्यक्रमों का खाका तैयार कर लिया है। बुधधार काे दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में आयोजित प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में बूथ स्तर से लेकर लोकसभा स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का निर्णय लिया गया।

बुधवार को दिल्ली स्थित भाजपा के पुराने राष्ट्रीय कार्यालय 11 अशोका रोड में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में आयोजित प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी अभियानों और कार्यकर्ता संपर्क कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं संगठन प्रभारी बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सह प्रभारी रेखा वर्मा सहित कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ संवाद, जनप्रतिनिधियों की बैठकें, बूथ सशक्तिकरण अभियान और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संपर्क सहित कई कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। पार्टी का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाना तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

बैठक में तय किया गया कि प्रदेश में जिला और मंडल स्तर पर संगठनात्मक बैठकों का आयोजन कर आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की जाएगी। इसके तहत आठ अगस्त को गढ़वाल मंडल के सभी जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की बैठक देहरादून में होगी,जबकि कुमाऊं मंडल के जिला एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक हल्द्वानी में आयोजित की जाएगी। दोनों बैठकों के समन्वय की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल को सौंपी गई है।

भाजपा ने देशव्यापी कार्यक्रमों के तहत उत्तराखंड में भी तिरंगा यात्रा और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया है। नौ अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली को दी गई है। वहीं 11 से 15 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट करेंगे।

बैठक में लोकसभा स्तर पर जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रमों की भी रूपरेखा तय की गई है। इसके तहत 17 अगस्त को गढ़वाल मंडल के अंतर्गत आने वाले लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों और विधायकों की बैठक देहरादून में आयोजित की जाएगी। इसके अगले दिन 18 अगस्त को कुमाऊं मंडल के सांसदों और विधायकों की बैठक होगी। दोनों बैठकों के समन्वय का दायित्व प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत को सौंपा गया है।

पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए 19 अगस्त से बूथ सशक्तिकरण अभियान और 23 अगस्त से शक्ति केंद्रों की बैठकों के आयोजन का निर्णय लिया है। इन अभियानों के माध्यम से बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा।

इसके बाद सितंबर माह में भाजपा एक विशेष संपर्क अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत ऐसे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात की जाएगी,जो तकनीकी,व्यक्तिगत या अन्य कारणों से लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों से दूर हैं। पार्टी का उद्देश्य इन अनुभवी कार्यकर्ताओं को फिर से संगठन की मुख्यधारा से जोड़ना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय