home page

बीएचईएल हरिद्वार ने बांग्लादेश में जीता गोल्ड मेडल

 | 
बीएचईएल हरिद्वार ने बांग्लादेश में जीता गोल्ड मेडल


हरिद्वार, 28 नवंबर (हि.स.)। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) हरिद्वार ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित 51वें इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कंट्रोल सर्कल्स में “गोल्ड मेडल” प्राप्त किया है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 14 से अधिक देशों की टीमों ने भाग लिया। बीएचईएल हरिद्वार इकाई का प्रतिनिधित्व करते हुए विद्युत मशीन्स ब्लॉक-1, के गुणता चक्र-771 (तरुण) टीम ने ऑनलाइन माध्यम द्वारा सम्मेलन में भाग लिया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सफलता प्राप्त की।

बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर टीम के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे समर्पित कर्मचारियों ने हमेशा ही अपने उत्कृष्ट कार्यों से संस्थान का गौरव बढ़ाया है। यह पुरस्कार अपने कार्य क्षेत्र में नई सोच, काम को सरल बनाने, गुणवत्ता बढ़ाने व नए टूल्स एवं तकनीकों का विकास करने के लिए दिया जाता है। गुणता चक्र की ओर से प्रभात कुमार (फैसिलिटेटर), योगेश कुमार (टीम लीडर) तथा सदस्य बिरेन्द्र सिंह, गौरव ओझा, सोम दत्त व रेशु चौहान ने केस स्टडी का प्रस्तुतीकरण किया।

टीम ने 660 से 800 मेगावाट तक की कोर प्रेस रिंग की मशीनिंग की गुणवत्ता बढ़ाने और समय-सीमा को कम करने पर केंद्रित एक नये टूलिंग फिक्सचर को डिजाइन और कार्यान्वित करने से संबंधित सुधार परियोजना प्रस्तुत की। इस परियोजना से न केवल वित्तीय बचत होगी, बल्कि उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार और समय पर डिलीवरी भी सुनिश्चित होगी।

इस सफलता में महाप्रबंधक नरेंद्र सिंह राणा एवं अमित कुमार शर्मा तथा गुणता एवं व्यापारिक उत्कृष्टता विभाग के प्रतिनिधियों का भी योगदान रहा, जिन्होंने टीम को मार्गदर्शन प्रदान किया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला