home page

मोहन बागान क्लब के पूर्व अध्यक्ष टुटू बोस का निधन, फुटबॉल जगत सदमे में, मुख्यमंत्री शुभेंदु ने शोक जताया

 | 
मोहन बागान क्लब के पूर्व अध्यक्ष टुटू बोस का निधन, फुटबॉल जगत सदमे में, मुख्यमंत्री शुभेंदु ने शोक जताया


कोलकाता, 13 मई (हि.स.)। मोहन बागान क्लब के दिग्गज प्रशासक और पूर्व अध्यक्ष स्वपन साधन बोस उर्फ टुटू बोस का मंगलवार देररात 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लंबे समय से अस्वस्थ बोस ने दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। सोमवार शाम उन्हें हृदयाघात के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने टुटू बोस के निधन पर गहरा शोक जताया है। उनके निधन से फुटबॉल जगत और विशेष रूप से कोलकाता के मैदान में शोक की लहर है।

राज्य के खेलमंत्री निशीथ प्रामाणिक और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने मंगलवार को अस्पताल में हालचाल लिया था। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। टुटू बोस को भारतीय फुटबॉल और खासकर मोहन बागान के इतिहास में एक महत्वपूर्ण प्रशासक के रूप में याद किया जाएगा। उनके कार्यकाल में क्लब ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए। सबसे चर्चित निर्णय उद्योगपति संजीव गोयनका के हाथों क्लब की मालिकाना हिस्सेदारी सौंपना रहा।इसके बाद क्लब के नाम के साथ ‘एटीके’ जुड़ गया। इस फैसले को लेकर उस समय काफी विवाद भी हुआ था।

टुटू बोस ने मोहन बागान में विदेशी फुटबॉलरों की शुरुआत भी कराई थी। उनके प्रयास से नाइजीरियाई फुटबॉलर चिमा ओकेरी क्लब से जुड़े और वह मोहन बागान के पहले विदेशी खिलाड़ी बने। यह फैसला भारतीय फुटबॉल में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा गया। फुटबॉल प्रशासन के अलावा टुटू बोस की पहचान एक व्यवसायी, समाचार पत्र मालिक के रूप में रही। वह तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य भी रहे। पिछले कुछ वर्षों से खराब स्वास्थ्य के कारण वह सक्रिय फुटबॉल प्रशासन से दूर थे और व्हीलचेयर के सहारे चलने-फिरने को मजबूर थे। इसके बावजूद मोहन बागान समर्थकों के बीच वह क्लब के संरक्षक के रूप में बेहद सम्मानित रहे। पिछले वर्ष मोहन बागान दिवस समारोह में उन्हें ‘मोहन बागान रत्न’ सम्मान से नवाजा गया। इस कार्यक्रम में सौरव गांगुली, बाइचुंग भूटिया, आईएम विजयन, जोसे बैरेटो और सुब्रत भट्टाचार्य जैसी खेल जगत की कई हस्तियां मौजूद थीं।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर जारी शोक संदेश में कहा कि मोहन बागान क्लब और टुटू बोस एक-दूसरे के पूरक थे। खेल प्रशासन में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। टुटू बोस का नेतृत्व, दूरदृष्टि और खेलों के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार, शुभचिंतकों और उनके असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर