संघ प्रमुख डॉ. भागवत मां चिन्मयी सौंदर्य मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए
- दो राज्यपाल इंद्रसेन रेड्डी नल्लू एवं जिष्णु देबबर्मा और मुख्यमंत्री माणिक साहा भी रहे मौजूद
अगरतला, 21 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मंगलवार को मोहनपुर के फकीरामुरा में 'मां चिन्मयी सौंदर्य मंदिर' प्राण-प्रतिष्ठा और कुंभ-अभिषेक समारोह में हिस्सा लिया। समारोह में त्रिपुरा और महाराष्ट्र के राज्यपाल इंद्रसेन रेड्डी नल्लू और जिष्णु देबबर्मा एवं मुख्यमंत्री माणिक साहा भी मौजूद रहे।
आरएसएस सरसंघचालक डॉ. भागवत बीते सोमवार को अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम एयरपोर्ट पर पहुंचे थे, जहां पर उनका स्वागत चिन्मय सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष और चिन्मय मिशन इंटरनेशनल के ट्रस्टी अमित रक्षित ने किया।
मां चिन्मयी सौंदर्य मंदिर मां त्रिपुर सुंदरी को समर्पित है। यह एक अनोखा आर्किटेक्चरल और आध्यात्मिक स्मारक है। मंदिर में तमिलनाडु से लाए गए 27 काले पत्थर के खंभे हैं। ये खंभे हिंदू ज्योतिष के 27 सितारों के प्रतीक हैं। मंदिर को भगवान से जुड़ाव के प्रतीक के तौर पर बिना किसी पारंपरिक छत के बनाया गया है। इसके बीच में, मां त्रिपुर सुंदरी की 15 फुट ऊंची काले पत्थर की मूर्ति के साथ-साथ रोजाना पूजा के लिए माताबारी मंदिर के स्टाइल में बनी एक छोटी मूर्ति है।
मंदिर परिसर में देवी सौंदर्य लहरी और दूसरे भक्ति ग्रंथों की नक्काशी और लिखावट भी है। इससे मंदिर का आध्यात्मिक महत्व और बढ़ गया है। नेपाल से चुने गए कुछ पुजारी मां चिन्मयी सौंदर्य मंदिर- प्राणप्रतिष्ठा और कुंभ-अभिषेक समारोह को संपन्न कराया।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

