home page

युवाओं पर भरोसा, त्रिपुरा भाजपा के मुखिया बने अभिषेक देबरॉय

 | 
युवाओं पर भरोसा, त्रिपुरा भाजपा के मुखिया बने अभिषेक देबरॉय


अगरतला, 28 मई (हि.स.)। लंबे समय से चल रहे कयासों पर विराम लगाते हुए आखिरकार त्रिपुरा प्रदेश भाजपा के नए मुखिया के नाम का ऐलान हो गया है। माताबारी के विधायक अभिषेक देबरॉय को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने त्रिपुरा भाजपा के अध्यक्ष के रूप में चयनित किया है। गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की तरफ से राष्ट्रीय महासचिव और कार्यालय मुख्य प्रभारी अरूण सिंह ने उनके नाम का ऐलान किया। अभिषेक मौजूदा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य की जगह लेंगे, जो राज्यसभा सांसद हैं।

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का नाम पिछले कुछ दिनों से राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चा में था। संभावित नामों की लिस्ट में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक, राज्य भाजपा महासचिव और विधायक भगवान चंद्र दास और माताबारी के विधायक अभिषेक देबरॉय शामिल थे। आखिरकार, केंद्रीय नेतृत्व ने युवा चेहरे के तौर पर अभिषेक देबरॉय के नाम पर मुहर लगा दी।

सिर्फ 44 साल के अभिषेक देबरॉय अभी माताबारी विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट से जीतकर पहली बार विधानसभा में पहुंचे। इससे पहले, वह गोमती जिले के भाजपा अध्यक्ष के तौर पर सफलतापूर्वक काम कर चुके हैं। वह अभी भाजपा की राज्य कमेटी के सदस्य के तौर पर भी काम कर रहे हैं।

फार्मेसी में ग्रेजुएट अभिषेक देबरॉय अपने छात्र जीवन से ही सक्रिय राजनीति से जुड़े रहे हैं। भाजपा में शामिल होने से पहले, उन्होंने कांग्रेस की छात्र शाखा एनएसयूआई में कई पदों पर काम किया। बाद में, वह 2017 में भाजपा में शामिल हो गए और धीरे-धीरे संगठन का एक अहम चेहरा बन गए।

गौरतलब है कि, भाजपा का सदस्यता अभियान 2025 में पूरे देश में शुरू हुआ था। उसी कार्यक्रम के तहत, सितंबर से नए जोश के साथ त्रिपुरा में भी सदस्यता अभियान चलाया गया। पार्टी सूत्रों का दावा है कि भाजपा राज्य में 12 लाख 40 हजार से ज़्यादा सदस्य बनाने में कामयाब रही है। हालांकि, कई संगठनात्मक कारणों से, प्रांतीय अध्यक्ष का चुनाव लंबे समय से रुका हुआ था। आखिरकार, केंद्रीय नेतृत्व ने रुकावट को दूर किया और नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा की।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष चुनकर भाजपा ने युवा नेतृत्व को ज़्यादा अहमियत देने का मैसेज दिया है। माना जा रहा है कि यह फैसला आने वाले दिनों में संगठन को और मजबूत करने और युवाओं के बीच पार्टी का बेस बढ़ाने के मकसद से लिया गया है।

इस बीच, अभिषेक देबरॉय के नाम की घोषणा के बाद से ही भाजपा के अलग-अलग स्तर और सहयोगी संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ता और समर्थकों के एक गुट के मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व ने संगठन के प्रति उनकी लंबे समय से चली आ रही लगन, सांगठनिक विशेषता और एक युवा नेतृत्व की इमेज की वजह से उन पर भरोसा किया है।

नई ज़िम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी के अलग-अलग स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अभिषेक देबरॉय को बधाई देना शुरू कर दिया है। पार्टी के एक गुट को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में उनके नेतृत्व में त्रिपुरा भाजपा और भी मज़बूत होगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय