पुडुचेरी में ट्राई ने की नेटवर्क की जांच, जियो सबसे तेज
नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने फरवरी में पुडुचेरी शहर और आसपास के इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता जांच की। इसमें डेटा डाउनलोड गति में जियो सबसे आगे रहा, जिसकी औसत गति 253.84 एमबी प्रति सेकंड रही। एयरटेल 163.82 एमबी प्रति सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं वोडाफोन-आइडिया (वीआईएल) की औसत गति 22.05 एमबी प्रति सेकंड और बीएसएनएल की केवल 12.71 एमबी प्रति सेकंड रही।
ट्राई ने बताया कि कॉल सेवाओं में एयरटेल और वीआईएल ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और उनकी कॉल सेटअप सफलता दर लगभग 100 प्रतिशत रही। जियो का प्रदर्शन मजबूत रहा (98.84 प्रतिशत), जबकि बीएसएनएल की सफलता दर अपेक्षाकृत कम रही (90.91 प्रतिशत)। कॉल ड्रॉप दर में एयरटेल और वीआईएल शून्य प्रतिशत पर रहे, जियो में 0.39 प्रतिशत और बीएसएनएल में 1.46 प्रतिशत कॉल ड्रॉप दर्ज किया गया।
अपलोड गति में एयरटेल सबसे आगे रहा, जिसकी औसत गति 27.94 एमबी प्रति सेकंड रही। इसके बाद वीआईएल 13.03 एमबी प्रति सेकंड, जियो 16.92 एमबी प्रति सेकंड और बीएसएनएल 5.11 एमबी प्रति सेकंड पर रहे। परीक्षण के दौरान कमजोर सिग्नल की स्थिति भी दर्ज की गई। एयरटेल में यह 1.17 प्रतिशत, बीएसएनएल में 6.93 प्रतिशत, जियो में 2.42 प्रतिशत और वीआईएल में 1.60 प्रतिशत रही।
इस जांच में पुडुचेरी शहर के सेम्मंगलम, सेदरापेट, विलियानूर, लॉस्पेट, व्हाइट टाउन, मुथियालपेट, मुरुंगापक्कम, अरियानकुप्पम, थवलाकुप्पम, एम्बालम, बहौर, कन्नियाकोइल, कलापेट, पिल्लैचवाड़ी और बोम्मैयापालयम जैसे इलाकों में किया गया। साथ ही ऑरोबिंदो आश्रम, ऑरोविल, जेआईपीएमईआर, पांडिचेरी विश्वविद्यालय, हवाई अड्डा, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और राजीव गांधी महिला एवं बाल अस्पताल जैसे स्थलों पर भी नेटवर्क की स्थिति का आकलन किया गया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

