home page

ट्राई ने मोबाइल सेवाओं की गुणवत्ता जांची, कई क्षेत्रों में जियो सबसे तेज, बीएसएनएल में सबसे अधिक कॉल ड्रॉप

 | 
ट्राई ने मोबाइल सेवाओं की गुणवत्ता जांची, कई क्षेत्रों में जियो सबसे तेज, बीएसएनएल में सबसे अधिक कॉल ड्रॉप


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने सितंबर में हैदराबाद तथा आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के आदोनी-मंत्रालयम क्षेत्र और अगस्त में लद्दाख के लेह, नुब्रा वैली एवं पैंगोंग मार्गों पर मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता जांच (इंडिपेंडेंट ड्राइव टेस्ट) के नतीजे जारी किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार कई क्षेत्रों में रिलायंस जियो (आरजेआईएल) ने सर्वाधिक डाउनलोड स्पीड दर्ज की, जबकि बीएसएनएल के नेटवर्क पर सबसे अधिक कवरेज गैप और कॉल ड्रॉप की समस्या सामने आई।

केंद्रीय संचार मंत्रालय के अनुसार, दूरसंचार उपभोक्ताओं को वास्तविक नेटवर्क गुणवत्ता की जानकारी देने के उद्देश्य से ट्राई ने विभिन्न शहरों, राजमार्गों, हॉटस्पॉट क्षेत्रों, हवाई अड्डों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर परीक्षण किए। इनमें एयरटेल, बीएसएनएल, रिलायंस जियो और वोडाफोन आइडिया (वीआईएल) के 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क का आकलन किया गया।

हैदराबाद और आसपास के क्षेत्रों में हुए परीक्षण में औसत डाउनलोड स्पीड के मामले में रिलायंस जियो 145.79 एमबीपीएस के साथ सबसे आगे रहा। एयरटेल ने 82.88 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया ने 41.41 एमबीपीएस और बीएसएनएल ने 7.13 एमबीपीएस की औसत डाउनलोड स्पीड दर्ज की। कॉल ड्रॉप के मामले में एयरटेल और वोडाफोन आइडिया ने शून्य कॉल ड्रॉप दर्ज किए, जबकि बीएसएनएल में चार और जियो में एक कॉल ड्रॉप दर्ज हुआ।

आदोनी-मंत्रालयम और आसपास के क्षेत्रों में भी डाउनलोड स्पीड के मामले में रिलायंस जियो 209.11 एमबीपीएस के साथ शीर्ष पर रहा। एयरटेल की औसत डाउनलोड स्पीड 118.55 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया की 12.27 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 10.19 एमबीपीएस रही। इस क्षेत्र में बीएसएनएल के 317 सफल कॉल में 15 कॉल ड्रॉप दर्ज हुए, जबकि एयरटेल और जियो में कोई कॉल ड्रॉप नहीं मिला। वोडाफोन आइडिया में छह कॉल ड्रॉप दर्ज किए गए।

रिपोर्ट में बताया गया कि आदोनी-मंत्रालयम क्षेत्र में बीएसएनएल के नेटवर्क में कवरेज गैप सबसे अधिक पाया गया। वहीं एयरटेल और जियो का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा।

लद्दाख क्षेत्र में लेह शहर, नुब्रा वैली, पैंगोंग और विभिन्न राजमार्ग मार्गों पर किए गए परीक्षणों में भी रिलायंस जियो और एयरटेल ने बेहतर डेटा स्पीड दर्ज की। लेह और आसपास के क्षेत्रों में जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 267.13 एमबीपीएस रही, जबकि एयरटेल ने 121.65 एमबीपीएस और बीएसएनएल ने 8 एमबीपीएस स्पीड दर्ज की।

लेह से नुब्रा वैली और नुब्रा वैली से पैंगोंग जाने वाले राजमार्गों पर हालांकि सभी ऑपरेटरों को कवरेज संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नेटवर्क कवरेज गैप और कॉल ड्रॉप की घटनाएं बढ़ी हुई पाई गईं। फिर भी डेटा स्पीड के मामले में एयरटेल और जियो ने बीएसएनएल की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर