home page

हिंदी सभी को एकता के एक साझा सूत्र में बांधती है : गजेंद्र शेखावत

 | 
हिंदी सभी को एकता के एक साझा सूत्र में बांधती है : गजेंद्र शेखावत


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को कहा कि हिंदी विभिन्न क्षेत्रों में बोली जाने वाली विविध भाषाओं के अस्तित्व का सम्मान करती है और सभी को एकता के एक साझा सूत्र में बांधती है।

आज नई दिल्ली के अशोक होटल में आयोजित पर्यटन मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक के दौरान कही। इसका उद्देश्य मंत्रालय के आधिकारिक कार्यों में राजभाषा हिंदी के उपयोग की समीक्षा करना तथा इसके उपयोग को और बढ़ावा देने के उपायों पर विचार-विमर्श करना था।

मंत्री ने कहा, सभी भाषाओं को साथ लेकर चलते हुए हिंदी को भी उसका उचित स्थान और सम्मान मिलना चाहिए। विविधता के बीच संवाद को बढ़ावा देकर और संवाद के माध्यम से आम सहमति बनाकर आगे बढ़ना आवश्यक है।

शेखावत ने कहा कि सरल और सुलभ भाषा के प्रयोग से हिंदी को रोजमर्रा के उपयोग में लाया जाना चाहिए और हिंदी को आम बोलचाल की भाषा बनाने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने मुग्धा सिन्हा, प्रबंध निदेशक, भारतीय पर्यटन विकास निगम के मार्गदर्शन में तैयार किए गए 'राजभाषा शब्द संगम' नामक शब्दकोश का भी लोकार्पण किया।

इस बैठक में देश के विभिन्न हिस्सों से समिति के सदस्यों के साथ-साथ पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और महानिदेशक(पर्यटन) सुमन बिल्ला, वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार ज्ञान भूषण, भारतीय पर्यटन विकास निगम की प्रबंध निदेशक मुग्धा सिन्हा और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी