home page

टीवीके विधायक पर महिला डीएम काे अश्लील संदेश भेजने का आरोप, 5 धाराओं में केस

 | 
टीवीके विधायक पर महिला डीएम काे अश्लील संदेश भेजने का आरोप, 5 धाराओं में केस


चेन्नई, 25 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु की राजनीति में महिला जिला कलेक्टर के कथित यौन उत्पीड़न का मामला गरमा गया है। कल्लाकुरिची के तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) विधायक अरुल विग्नेश पर महिला कलेक्टर को अश्लील संदेश भेजने और उनके घर जाकर परेशान करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने विधायक के खिलाफ पांच धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, विधायक के इस्तीफा देने की भी चर्चाएं तेज हैं। विपक्षी दल इस मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, कल्लाकुरिची की महिला जिला कलेक्टर को कथित तौर पर विधायक अरुल विग्नेश ने अपने मोबाइल से अश्लील संदेश भेजे थे। इसके अलावा, शराब के नशे में उनके आवास पर जाकर परेशान करने के आरोप भी सामने आए हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक शहनाज ने कलेक्टर के कैंप कार्यालय पहुंचकर उनसे लिखित शिकायत प्राप्त की। इसके बाद शिकायत को कल्लाकुरिची ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन भेजा गया, जहां विधायक के खिलाफ पांच कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।

पुलिस मामले से जुड़े सबूत जुटा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

विधायक अरुल विग्नेश ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने जिला कलेक्टर को इस तरह का कोई अश्लील संदेश नहीं भेजा। वहीं, मामला सामने आने के बाद जिला कलेक्टर ने सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है। इस बीच, विधायक के इस्तीफा देने की खबरें भी सामने आई हैं। हालांकि, इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग ने 15 तारीख को तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को निष्पक्ष और बिना किसी दबाव के जांच करने का निर्देश दिया था। साथ ही सात दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा गया था।

मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के वकील थिरि सुलु ने मद्रास उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। याचिका में विधायक के खिलाफ मामला दर्ज करने और उचित कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की गई थी।

सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति वी. लक्ष्मीनारायणन ने राज्य सरकार को मुख्य सचिव और जिला कलेक्टर के विचार जानकर जवाब देने का निर्देश दिया। वहीं, तमिलनाडु सरकार ने अदालत को बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी और आईजी कामिनी को निगरानी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

मामले की सुनवाई के दौरान मद्रास उच्च न्यायालय ने जांच में तेजी लाने और आगामी 22 दिसंबर तक आरोपपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है। अदालत ने यह भी कहा है कि पीड़ित महिला कलेक्टर को न्याय मिलने तक मामले से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जानी चाहिए। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

इस पूरे मामले ने तमिलनाडु की राजनीति में हलचल मचा दी है। विपक्षी दल जहां मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच की मांग कर रहे हैं, वहीं सरकार पर निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV