home page

तमिलनाडु चुनाव : ईरोड में 18.7 किलो चांदी के आभूषण जब्त, 7.34 लाख नकद भी पकड़ा गया

 | 
तमिलनाडु चुनाव : ईरोड में 18.7 किलो चांदी के आभूषण जब्त, 7.34 लाख नकद भी पकड़ा गया


ईरोड, 24 मार्च (हि.स.)। ईरोड जिले में विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र चल रही सघन जांच के दौरान चुनाव उड़न दस्ते की टीम ने बिना वैध दस्तावेजों के ले जाए जा रहे 18.700 किलोग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए हैं।

यह कार्रवाई सत्यमंगलम–मैसूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर थिंबम घाट मार्ग में की गई। जांच के दौरान केरल नंबर की एक कार को रोका गया, जिसमें बैगों में चांदी के पायल, झुमके (जिमिकी), सजावटी आभूषण और कवरिंग ज्वेलरी बरामद हुई। इनकी कीमत करीब 51 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच में सामने आया कि कार में मौजूद व्यक्ति नेल्सन, केरल के त्रिशूर का निवासी है और आभूषण निर्माण का कार्य करता है। उसने बताया कि वह सामान बिक्री के लिए बेंगलुरु ले जा रहा था, लेकिन आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके चलते उड़न दस्ते की टीम ने सभी आभूषण जब्त कर चुनाव आचार अधिकारी सुधाकरन को सौंप दिए।

दरअसल, चुनाव आचार संहिता के तहत 50 हजार रुपये से अधिक नकद या सामान बिना उचित दस्तावेजों के ले जाने पर उसे जब्त किया जा सकता है। इसी नियम के तहत जिले में लगातार सख्त जांच अभियान चलाया जा रहा है।

अन्य जगहों पर भी कार्रवाई

पन्नारी चेकपोस्ट पर एक कर्नाटक व्यापारी की कार से भी 1.34 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर जांच के दौरान अलग-अलग व्यक्तियों से बिना दस्तावेजों के नकदी बरामद की गई।

तमिलनाडु–कर्नाटक सीमा के अरेपालयम, अरसूर–माक्किनांगोम्बई रोड, अत्ताणी रोड, कोल्लेगाल रोड जंक्शन और अन्य क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में कुल 7,34,000 रुपये नकद जब्त किए गए। यह राशि सहायक चुनाव आचार अधिकारी जमुनारानी को सौंपी गई है।

चुनाव आचार अधिकारी सुधाकरन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान नकद या कीमती सामान साथ ले जाते समय वैध दस्तावेज अवश्य रखें। अन्यथा कार्रवाई के तहत उसे जब्त किया जा सकता है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV