राहुल गांधी एक अगस्त को तमिलनाडु दौरे पर, मुख्यमंत्री विजय से करेंगे मुलाकात
चेन्नई, 31 जुलाई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक अगस्त को तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कांग्रेस के संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे और पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। साथ ही तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय से उनकी मुलाकात भी प्रस्तावित है। राजनीतिक हलकों में इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन अभियान के तहत 23 जुलाई से एक अगस्त तक तमिलनाडु में पार्टी पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में माणिक्कम ठाकुर के कार्यभार संभालने के बाद आयोजित इस शिविर का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करना है।
चेन्नई के निकट महाबलीपुरम में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में जिला कांग्रेस अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों को संगठन विस्तार, आगामी उपचुनाव, स्थानीय निकाय चुनाव तथा भविष्य के लोकसभा चुनावों की तैयारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन राहुल गांधी इसमें शामिल होंगे और पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श भी करेंगे।
कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान किसानों, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के श्रमिकों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ संवाद और क्षेत्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसका उद्देश्य पार्टी पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए तैयार करना है।
राहुल गांधी अपने तमिलनाडु दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विजय से भी मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान राज्य और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच लंबे समय से चर्चा में रहे मेकेदातु बांध परियोजना के मुद्दे पर भी बातचीत हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने दिल्ली दौरे के दौरान राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी। ऐसे में राहुल गांधी और मुख्यमंत्री विजय की प्रस्तावित बैठक को दोनों दलों के बीच राजनीतिक संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

