home page

तमिलनाडु चुनाव 2026: प्रधानमंत्री ने चेन्नई में भाजपा नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर किया मंथन

 | 

चेन्नई, 04 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में चेन्नई के गिंडी स्थित एक होटल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में भाजपा की केंद्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में चुनावी रणनीति, प्रचार अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने को लेकर व्यापक चर्चा की गई। भाजपा नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ने चुनावी कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में केंद्रीय समिति के 18 सदस्यों के अलावा केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल, एल. मुरुगन, नैनार नागेंद्रन, के. अन्नामलाई, तमिलिसाई साउंडरराजन और वनाथी श्रीनिवासन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि चुनाव प्रचार को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, जनसभाओं की संख्या बढ़ाई जाए और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाए। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि सशक्त रणनीति और आक्रामक प्रचार के जरिए पार्टी तमिलनाडु में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को पुडुचेरी में चुनाव प्रचार के बाद चेन्नई पहुंचे थे, जहां उन्होंने रोड शो कर भाजपा गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में जनसंपर्क किया। इसके बाद वे चेन्नई लौटकर गिंडी स्थित होटल में ठहरे और आज उन्होंने यह बैठक की।

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) के नेतृत्व वाले गठबंधन में भाजपा 27 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। शुक्रवार को जारी 27 उम्मीदवारों की सूची में मायलापुर से तमिलिसाई सौंदरराजन, अविनाशी से एल. मुरुगन, कोयंबटूर उत्तर से वनाथी श्रीनिवासन, सत्तूर से नैनार नागेंद्रन और विलवन्कोडु से एस. विजयधारणी को मैदान में उतारा गया है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV