home page

बालाजी मुरुगदास के घर मादक पदार्थ निषेध विभाग की छापेमारी, अभिनेता ने कार्रवाई का पूछा आधार

 | 
बालाजी मुरुगदास के घर मादक पदार्थ निषेध विभाग की छापेमारी, अभिनेता ने कार्रवाई का पूछा आधार


चेन्नई, 09 नवंबर (हि.स.)। तमिल अभिनेता और बिग बॉस तमिल सीजन-4 के उपविजेता बालाजी मुरुगदास के घर मादक पदार्थों से जुड़े मामले में छापेमारी की गई। रविवार (8 नवंबर) रात हुई इस कार्रवाई को लेकर अभिनेता ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर उनके खिलाफ किसने शिकायत दर्ज कराई और किस आधार पर पुलिस उनके घर पहुंची।

बालाजी मुरुगदास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर बताया कि मादक पदार्थ निषेध विभाग के 15 अधिकारी व कर्मी उनके घर पहुंचे और तलाशी ली। अभिनेता के अनुसार, उन्होंने पुलिसकर्मियों से कई बार शिकायतकर्ता का नाम और शिकायत का कारण जानने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

अभिनेता ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह सिर्फ यह जानना चाहते हैं कि उनके खिलाफ किसने शिकायत की है और शिकायत दर्ज कराने की वजह क्या है। उन्होंने यह भी कहा कि वह रक्त परीक्षण कराने के लिए तैयार हैं, जिससे कि उनके खिलाफ लगाए गए किसी भी संदेह को दूर किया जा सके।

बालाजी मुरुगदास ने मादक पदार्थ निषेध विभाग की तलाशी पर तंज कसते हुए कहा कि उनके घर पहुंचे 15 कर्मियों को वहां सिर्फ तीन बिल्लियां और एक कुत्ता मिला। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किस आधार पर उनके घर पर छापेमारी की गई। अभिनेता ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है। इसी कारण उन्होंने तलाशी वारंट के बिना भी अधिकारियों औक कर्मियों को अपने घर में प्रवेश करने की अनुमति दे दी।

उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस की जांच से नहीं, बल्कि कार्रवाई के आधार और उसके पीछे की शिकायत को लेकर स्पष्टता नहीं मिलने से आपत्ति है। अभिनेता ने इस पूरे मामले में विभाग से जवाब मांगा है।

बालाजी मुरुगदास ने यह भी स्पष्ट किया कि वह जांच में पूरा सहयोग करने और आवश्यक परीक्षण कराने के लिए तैयार हैं। हालांकि, वह जानना चाहते हैं कि उनके घर पर छापेमारी किस सूचना या शिकायत के आधार पर की गई। फिलहाल, इस मामले में संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV