प्रधानमंत्री मोदी का चेन्नई और पुडुचेरी दौरा 3-4 अप्रैल को, प्रमुख इलाके रेड जोन घोषित
चेन्नई , 02 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को होने वाले हैं, जिसके चलते राजनीतिक माहौल अपने चरम पर है। पुडुचेरी में 9 अप्रैल को चुनाव होना है। इसी के मद्देनज़र राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 3 और 4 अप्रैल को चेन्नई और पुडुचेरी का दौरा करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए चेन्नई शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वे कई सरकारी कार्यक्रमों और चुनावी सभाओं में भाग लेंगे। चेन्नई एयरपोर्ट से लेकर उनके ठहरने के स्थान राजभवन और उनके यात्रा मार्गों तक सभी क्षेत्रों को कड़ी सुरक्षा निगरानी में रखा गया है। चेन्नई सिटी पुलिस ने लगभग 3,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी में लगाया है, जिनमें सशस्त्र बल और विशेष इकाइयां भी शामिल हैं। चेन्नई एयरपोर्ट और गिंडी स्थित राजभवन को ‘रेड ज़ोन’ घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में ड्रोन या किसी भी प्रकार के मानव रहित विमान उड़ाने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रधानमंत्री के रूट और ठहरने के स्थानों पर पांच स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशनों और होटलों में स्निफर डॉग्स की मदद से सघन
हालांकि, प्रधानमंत्री के दो दिवसीय दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है, लेकिन जानकारी के अनुसार 3 अप्रैल को दोपहर में चेन्नई पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से पुडुचेरी जाएंगे। वहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करने के बाद रात में चेन्नई लौटेंगे। इसके बाद वे चेन्नई राजभवन में ठहरेंगे और 4 अप्रैल की सुबह लगभग 100 से अधिक पार्टी पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
इसके बाद मायलापुर और टी. नगर क्षेत्रों में रोड शो या वाहन रैली करने की संभावना जताई जा रही है। प्रधानमंत्री के दौरे के चलते चेन्नई की प्रमुख सड़कों जैसे जीएसटी रोड, अन्ना सलाई और गिंडी इलाके में यातायात में बदलाव किया गया है। कुछ समय के लिए यातायात प्रतिबंधित किया जा सकता है, इसलिए आम जनता से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है। खासकर मीनंबक्कम एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को पहले से ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

