home page

एम.जी.आर. का जीवन और पूरा राजनीतिक सफर गरीबों को समर्पित था : प्रधानमंत्री

 | 
एम.जी.आर. का जीवन और पूरा राजनीतिक सफर गरीबों को समर्पित था : प्रधानमंत्री


नई दिल्ली, 17 जनवरी (हि.स.)। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न एम.जी. रामचंद्रन (एम.जी.आर.) की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने कहा कि एम.जी.आर. का संपूर्ण जीवन गरीबों और वंचितों के कल्याण को समर्पित रहा।

प्रधानमंत्री की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि विशिष्ट व्यक्तित्व के धनी एम.जी.आर. की जयंती पर उन्हें नमन करता हूं। तमिलनाडु के विकास में उनका योगदान अत्यंत उल्लेखनीय रहा है। साथ ही तमिल संस्कृति को देश-विदेश में लोकप्रिय बनाने में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज के लिए उनकी दूरदर्शी सोच को साकार करने के लिए हम सदैव प्रयासरत रहेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि फिल्मी पर्दे से लेकर राजनीतिक मंच तक एम.जी.आर. ने लोगों के दिलों पर राज किया। उनका संपूर्ण जीवन और राजनीतिक सफर गरीबों एवं वंचितों की सेवा को समर्पित रहा। उन्होंने गरीबों को सम्मानजनक जीवन दिलाने के लिए निरंतर और अथक परिश्रम किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत रत्न एम.जी.आर. के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए आज हम सभी मिलकर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी। इसी कारण युवाओं और महिलाओं के बीच उन्हें विशेष सम्मान और लोकप्रियता प्राप्त हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एम.जी.आर. की जनकल्याणकारी नीतियों और संवेदनशील नेतृत्व के कारण आज भी समाज के गरीब वर्ग के लोग उन्हें अपना सबसे महान नेता मानते हैं।

अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा, भारत रत्न एम.जी.आर. को मैं अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV