सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर महादीपम जलाने की तैयारी तेज, 7,000 पुलिसकर्मी तैनात
मदुरै, 24 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम मुरुगन मंदिर में कार्तिगई दीपोत्सव के अवसर पर पहाड़ी की चोटी पर महादीपम प्रज्वलित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। दीप प्रज्वलन को लेकर जारी विवाद के बीच उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश के बाद मंगलवार शाम पहाड़ी के शिखर पर स्थित दीपस्तंभ में दीप जलाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके मद्देनजर राज्य सरकार ने इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
महादीपम प्रज्वलित करने के लिए इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक तांबे के दीप पात्र, घी, बत्ती, कपूर और अन्य पूजा सामग्री को जिला प्रशासन की निगरानी में कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच पहाड़ी पर पहुंचाया गया है। पूरे क्षेत्र में करीब 7,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही निषेधाज्ञा लागू कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मदुरै शहर और उपनगरीय क्षेत्रों से करीब 3,000 पुलिसकर्मियों तथा अन्य जिलों से 4,000 से अधिक जवानों को बुलाया गया है। चेन्नई के आवडी, तांबरम, पूनमल्ली, ऊनमांचेरी, चेन्नई रेलवे, वीरपांडी, तोण्डी, नागपट्टिनम, कोयंबटूर, नीलगिरी, सेलम, तिरुचि और तंजावुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से 16 पुलिस बटालियनों को तैनात किया गया है। दक्षिण, उत्तर और पश्चिम क्षेत्रों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
मंदिर परिसर, पहाड़ी की तलहटी तक जाने वाले रास्तों, आसपास के इलाकों, शिखर पर स्थित दीपस्तंभ और दरगाह सहित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पहाड़ी की चोटी पर विशेष रूप से 600 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंदिर में हर वर्ष कार्तिगई दीपोत्सव के मुख्य आयोजन के रूप में पहाड़ी की चोटी पर महादीपम प्रज्वलित किया जाता है। इसके लिए वर्षों से इस्तेमाल किए जा रहे पारंपरिक तांबे के दीप पात्र को विशेष रूप से साफ कर तैयार किया जाता है। करीब चार फीट ऊंचे और 70 किलोग्राम वजनी इस पात्र में लगभग 400 लीटर घी भरा जाता है। दीप प्रज्वलित करने के लिए काडा कपड़े से तैयार 150 मीटर लंबी विशाल बत्ती और करीब पांच किलोग्राम कपूर का इस्तेमाल किया जाता है।
इस वर्ष भी दीप पात्र की सफाई और अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आवश्यक पूजा सामग्री पहाड़ी पर पहुंचा दी गई है। हालांकि, उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश के बाद परंपरागत आयोजन स्थल और शिखर पर स्थित दीपस्तंभ में महादीपम प्रज्वलित किए जाने को लेकर विशेष उत्सुकता बनी हुई है।
कार्तिगई दीपोत्सव के अवसर पर मंगलवार तड़के से ही तिरुपरंकुंद्रम मुरुगन मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में भक्त भगवान मुरुगन के दर्शन कर रहे हैं। वहीं, पहाड़ी पर महादीपम प्रज्वलित करने की तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्था लगातार जारी है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

