home page

तिरुप्परंकुंद्रम सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपोत्सव शुरू, 24 नवंबर को प्रज्ज्वलित होगा महादीप

 | 
तिरुप्परंकुंद्रम सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपोत्सव शुरू, 24 नवंबर को प्रज्ज्वलित होगा महादीप


-ध्वजारोहण के साथ 10 दिवसीय उत्सव का शुभारंभ, प्रतिदिन विभिन्न वाहनों पर नगर भ्रमण करेंगे भगवान मुरुगन

मदुरै, 16 नवंबर (हि.स.)। भगवान मुरुगन के छह प्रमुख तीर्थस्थलों में प्रथम तिरुप्परंकुंद्रम स्थित सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर में सोमवार सुबह ध्वजारोहण के साथ प्रसिद्ध 10 दिवसीय कार्तिगई दीपोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान मुरुगन के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।

उत्सव के पहले दिन तड़के भगवान सुब्रमण्यम स्वामी और देवी देवयानी के उत्सव विग्रह का दूध, चंदन, पंचामृत सहित 16 प्रकार की पूजन सामग्रियों से विशेष अभिषेक किया गया। इसके बाद दोनों को स्वर्ण मयूर वाहन पर विराजमान कर कंबत्तडी मंडप लाया गया।

ध्वजारोहण से पहले मंदिर के कंबत्तडी मंडप स्थित ध्वज स्तंभ का पवित्र जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद स्तंभ को कुश घास, आम के पत्तों, चंदन और कुमकुम से सजाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच सुबह 7 बजकर 14 मिनट पर स्वर्णमंडित ध्वज स्तंभ पर ध्वजारोहण किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही 10 दिवसीय उत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई।

उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह भगवान सुब्रमण्यम स्वामी देवी देवयानी के साथ स्वर्ण पालकी में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। वहीं, शाम को स्वर्ण मयूर, रजत भूत, हंस और शेष सहित विभिन्न वाहनों पर नगर भ्रमण करेंगे। इस दौरान मंदिर की सड़कों पर निकलने वाली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

कार्तिगई दीपोत्सव के तहत 23 नवंबर (सोमवार) को पट्टाभिषेक समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके अगले दिन 24 नवंबर (मंगलवार) को सुबह रथोत्सव होगा। शाम को तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी के शिखर पर कार्तिगई महादीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा। इसके बाद 16 स्तंभों वाले मंडप क्षेत्र में पारंपरिक सोक्कप्पनै दीप दर्शन का आयोजन होगा।

इसी दिन मंदिर में कंद षष्ठी उत्सव के समापन कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। समापन अवसर पर भगवान सुब्रमण्यम स्वामी देवी देवयानी के साथ स्वर्ण मयूर वाहन पर विराजमान होकर छोटे रथ में रथ मार्ग और गिरि मार्गों पर नगर भ्रमण करेंगे।

आमतौर पर कार्तिगई दीपोत्सव के ध्वजारोहण के अवसर पर भगवान सुब्रमण्यम स्वामी और देवी देवयानी सिंहासन पर विराजमान होकर कंबत्तडी मंडप में श्रद्धालुओं को दर्शन देते हैं। हालांकि, इस बार कंद षष्ठी उत्सव के रथोत्सव के कारण दोनों स्वर्ण मयूर वाहन पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दे रहे हैं।

उत्सव की व्यवस्थाएं मंदिर न्यास मंडल के अध्यक्ष वी. षण्मुगसुंदरम के नेतृत्व में उप आयुक्त सेल्वी और मंदिर कर्मचारियों द्वारा की जा रही हैं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV