home page

तमिलनाडु में भारी बारिश से तीन जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद, मछुआरों काे चेतावनी जारी

 | 
तमिलनाडु में भारी बारिश से तीन जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद, मछुआरों काे चेतावनी जारी


चेन्नई, 23 अक्टूबर (हि.स.)। तमिलनाडु में उत्तर-पूर्वी मानसून के सक्रिय होने के साथ ही कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। चेन्नई और तिरुवल्लूर समेत कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। वहीं, तिरुवन्नामलाई, विलुप्पुरम और कल्लाकुरिची जिलों में भी गुरुवार से हो रही तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।

लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीनों जिलों में शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया है। संबंधित जिला कलेक्टरों ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

प्रशासन के आदेश के अनुसार, विलुप्पुरम और कल्लाकुरिची जिलों में सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, तिरुवन्नामलाई जिले में सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ कॉलेजों को भी बंद रखने का आदेश दिया गया है। लगातार बारिश के कारण लोगों के दैनिक कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। तमिलनाडु के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए मछुआरों के लिए चेतावनी जारी की गई है।

मौसम संबंधी चेतावनी के मुताबिक, 23 से 26 अक्टूबर तक तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों, मन्नार की खाड़ी और कुमारी सागर क्षेत्र में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति बढ़कर 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा, 24 से 26 अक्टूबर तक केरल और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों, लक्षद्वीप तथा उससे सटे मालदीव के समुद्री इलाकों में भी 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। यहां भी हवा की गति बीच-बीच में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

प्रशासन ने मछुआरों को सलाह दी है कि चेतावनी की अवधि के दौरान संबंधित समुद्री क्षेत्रों में मछली पकड़ने के लिए न जाएं। तेज हवाओं और समुद्र में संभावित खराब परिस्थितियों को देखते हुए मछुआरों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। तमिलनाडु में लगातार हो रही बारिश के बीच लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV