home page

तमिलनाडुः नेपाल आपदा में फंसे तमिल नागरिकों को लेकर विपक्ष का ध्यानाकर्षण प्रस्ताव

 | 
तमिलनाडुः नेपाल आपदा में फंसे तमिल नागरिकों को लेकर विपक्ष का ध्यानाकर्षण प्रस्ताव


चेन्नई, 27 अगस्त (हि.स.)। तमिलनाडु विधानसभा में अनुदान मांगों पर चल रही चर्चा के दौरान गुरुवार को विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश करते हुए नेपाल आपदा में तमिल नागरिकों के फंसे होने पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पाडी पलानीस्वामी ने भी इस घटना के संबंध में सरकार से जवाब मांगा। नेपाल आपदा में 37 तमिल नागरिकों के फंसे होने की खबर सामने आई है।

अनुदान मांगों पर चर्चा के आठवें दिन आज सदन की कार्यवाही प्रश्नोत्तर काल के साथ शुरू हुई। आज तत्काल सार्वजनिक महत्व की घटना से संबंधित ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश किया गया। विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश करते हुए नेपाल आपदा में तमिल नागरिकों के फंसे होने पर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने कहा, “नेपाल में आई बाढ़ में 160 लोगों की मौत होने की खबर है। तमिलनाडु के विभिन्न जिलों के 40 से अधिक तमिल नागरिकों के वहां फंसे होने की भी खबरें हैं। नेपाल गए अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनके परिजन चिंतित हैं।“

उन्होंने पूछा कि कितने तमिल नागरिक वहां फंसे हुए हैं, कितनों को बचाया गया, तमिलनाडु सरकार की ओर से इनकी सहायता के लिए जारी किए गए आपातकालीन सहायता नंबर पर कितनी कॉल प्राप्त हुई और इन कॉलों के आधार पर क्या कदम उठाए गए हैं? उन्होंने कहा कि नेपाल में फंसे लोगों को बचाने के लिए विशेष अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। क्या उनके नेपाल जाने के लिए कोई व्यवस्था की गई है? इस मामले में सरकार को प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना चाहिए और उन्हें सुरक्षा एवं सहयोग प्रदान करना चाहिए। सरकार को इस घटना के संबंध में उचित स्पष्टीकरण देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV