पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार मामले में तमिलनाडु के पूर्व मंत्री सेकरबाबू पुलिस स्टेशन में पेश
चेन्नई, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मंत्री और डीएमके नेता पी.के. सेकरबाबू शुक्रवार को वेपेरी पुलिस स्टेशन में पेश हुए। वेपेरी पुलिस ने उनके खिलाफ दर्ज मामले में उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होकर स्पष्टीकरण देने के लिए समन जारी किया था। इसी सिलसिले में वे आज पुलिस स्टेशन में पेश हुए। पुलिस ने उनसे विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की।
द्रमुक के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पी.के. सेकरबाबू आज चेन्नई के वेपेरी पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए पेश हुए। उनके खिलाफ यह मामला पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री अनबिल महेश पोय्यामोझी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस करने, उनके साथ दुर्व्यवहार करने और सरकारी काम में बाधा डालने से जुड़ा है। 26 अक्टूबर को केंद्रीय अपराध शाखा ने पूर्व मंत्री अनबिल महेश पोय्यामोझी को 100 करोड़ रुपये के कथित रिश्वत घोटाले में गिरफ्तार किया था।
इसके बाद सेकरबाबू, सांसद कलानिधि वीरास्वामी और कई द्रमुक समर्थक पुलिस कमिशनर कार्यालय के बाहर जमा हो गए थे। इसी दौरान, सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और सेकरबाबू, कलानिधि वीरासामी सहित अन्य लोगों के बीच तीखी बहस हुई। इस घटना के दृश्य सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद काफी हलचल मच गई।
इस घटना के बाद वेपेरी पुलिस ने पूर्व मंत्री सेकरबाबू और डीएमके सांसद कलानिधि वीरासामी के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस मामले के संबंध में व्यक्तिगत रूप से पेश होकर स्पष्टीकरण देने के लिए वेपेरी पुलिस ने सेकरबाबू को समन जारी किया था। इसके आधार पर आज सुबह सेकरबाबू वेपेरी पुलिस स्टेशन में पेश हुए। पुलिस ने उनसे विभिन्न पहलुओं पर लगातार पूछताछ की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

