home page

भारी बारिश से कोयंबटूर के पश्चिमी घाट में कोवई कुट्रालम इको-टूरिज्म केंद्र अस्थायी रूप से बंद

 | 
भारी बारिश से कोयंबटूर के पश्चिमी घाट में कोवई कुट्रालम इको-टूरिज्म केंद्र अस्थायी रूप से बंद


कोयंबटूर 24 अक्टूबर (हि.स.)। तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में पश्चिमी घाट के पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बारिश के कारण कोवई कुट्रालम झरने का जलस्तर और बहाव बढ़ गया है। पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने 24 अक्टूबर को कोवई कुट्रालम इको-टूरिज्म केंद्र को अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला किया है।

वन विभाग के अनुसार, लगातार बारिश के कारण झरने में पानी का बहाव तेज हो गया है। ऐसी स्थिति में पर्यटकों को झरने के पास जाने की अनुमति देना जोखिम भरा हो सकता है। इसी वजह से एहतियात के तौर पर पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगाई गई है।

वन विभाग ने आम लोगों और पर्यटकों को कोवई कुट्रालम जाने से बचने की सलाह दी है। अधिकारियों के मुताबिक, इको-टूरिज्म केंद्र अगली सूचना जारी होने तक बंद रहेगा। झरने को दोबारा पर्यटकों के लिए खोलने का फैसला बारिश की स्थिति और पानी के बहाव की निगरानी करने के बाद लिया जाएगा। जब परिस्थितियां सुरक्षित होंगी, तभी पर्यटन गतिविधियां बहाल करने पर विचार किया जाएगा।

प्रशासन का यह कदम भारी बारिश के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे बंद क्षेत्र में जाने का प्रयास न करें और वन विभाग की अगली आधिकारिक सूचना का इंतजार करें।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV