तमिलनाडु के धारापुरम में मुख्यमंत्री विजय की चुनावी सभा, पूर्व अन्नाद्रमुक मंत्री सेम्मलाई टीवीके में शामिल
तिरुप्पुर, 30 सितंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के धारापुरम (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान बुधवार को और तेज हो गया। तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री विजय ने चित्तरावुत्तनपालयम में पार्टी उम्मीदवार सत्यभामा के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया और लोगों से अपील की कि जिस तरह उन्होंने जाति से ऊपर उठकर एमजीआर और जयललिता को समर्थन दिया था, उसी तरह टीवीके को भी वोट दें। धारापुरम और मदुरांतकम (आरक्षित) सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी।
सभा के दौरान पूर्व अन्नाद्रमुक मंत्री एस. सेम्मलाई टीवीके में शामिल हुए। मुख्यमंत्री विजय ने उन्हें पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। सेम्मलाई के टीवीके में शामिल होने की पुष्टि बुधवार की सभा के दौरान हुई। इससे पहले वह अन्नाद्रमुक छोड़ चुके थे।
मुख्यमंत्री विजय के कोयंबटूर हवाई अड्डे से धारापुरम पहुंचने के दौरान रास्ते में टीवीके कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। धारापुरम पहुंचने पर पार्टी की ओर से आयोजित सभा में बड़ी संख्या में लोग जुटे। उपचुनाव को देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे।
सभा की शुरुआत तमिल थाई वंदना से हुई। टीवीके महासचिव एन. आनंद ने उम्मीदवार सत्यभामा के समर्थन में लोगों से मतदान की अपील की। उन्होंने धारापुरम की मेहनतकश जनता और क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव केवल प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान और सेवा का अवसर है। उन्होंने सत्यभामा की जीत का दावा भी किया।
इसके बाद मंत्री सेंगोट्टैयन ने मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि लोगों ने तमिलनाडु का भविष्य उनके हाथों में सौंपा है। उन्होंने उपचुनाव को धारापुरम में टीवीके के समर्थन को मजबूत करने का अवसर बताया। सेंगोट्टैयन ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री विजय की ईमानदारी और कार्यशैली की प्रशंसा किए जाने का दावा भी किया।
मंत्री अरुणराज ने भी टीवीके उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने कोंगु क्षेत्र में पार्टी के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से चुनाव में सक्रियता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने एसआईआर के मुद्दे पर टीवीके के विरोध का भी उल्लेख किया और कहा कि पार्टी इस मामले में अपने रुख पर कायम है।
टीवीके उम्मीदवार सत्यभामा ने कहा कि वह जयललिता से प्रभावित होकर राजनीति में आई थीं और करीब चार दशक तक अन्नाद्रमुक से जुड़ी रहीं। उन्होंने कहा कि अन्नाद्रमुक के प्रति उनके मन में कोई गुस्सा या नफरत नहीं है, लेकिन एडप्पाडी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व को स्वीकार नहीं करने के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अन्नाद्रमुक के साथ विश्वासघात नहीं किया है।
सत्यभामा ने मुख्यमंत्री विजय की तुलना पूर्व मुख्यमंत्री एमजीआर से करते हुए कहा कि लोग विजय को एमजीआर का पुनर्जन्म मानते हैं। उन्होंने अपने समर्थकों से टीवीके उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
धारापुरम उपचुनाव में 22 उम्मीदवार मैदान में हैं। यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। उपचुनाव की घोषणा अन्नाद्रमुक विधायक सत्यभामा के विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर टीवीके में शामिल होने के बाद हुई थी। इसके बाद टीवीके ने उन्हें इसी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

