home page

तिरुपरंकुंद्रम विवादः नैनार नागेंद्रन समेत भाजपा और हिंदू मुन्नानी के पदाधिकारी नजरबंद

 | 
तिरुपरंकुंद्रम विवादः नैनार नागेंद्रन समेत भाजपा और हिंदू मुन्नानी के पदाधिकारी नजरबंद


तिरुनेलवेली (तमिलनाडु), 24 नवंबर (हि.स.)। तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित स्तंभ पर तिरुकार्तिकै के दिन दीपम जलाने को लेकर विवाद थमा नहीं है। इस बीच, आज केवल एक बार दीपम जलाने की अनुमति देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी किया है। इस आदेश के खिलाफ तमिलनाडु सरकार की ओर से पुनर्विचार याचिका दायर की गई है। इस वजह से आज शाम तिरुकार्तिकै दीपम जलाया जाएगा या नहीं, इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है। इस दौरान कई नेताओं के नजरबंद कियाा गया है।

इस मामले को लेकर तिरुपरंकुंद्रम में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, पूरे राज्य में पुलिस को सतर्क कर दिया गया है और एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। तिरुपरंकुंद्रम में दीपस्तंभ पर दीपम जलाने के लिए पूरे तमिलनाडु से हिंदू मुन्नानी और भाजपा के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने वहां जाने का फैसला किया था।

इसी तरह, तिरुनेलवेली, तेनकासी और तूतीकोरिन जिलों में भी हिंदू मुन्नानी और भाजपा के पदाधिकारियों ने तिरुपरंकुंद्रम जाने के संबंध में बैठक कर निर्णय लिया था। पुलिस ने तिरुनेलवेली में हिंदू मुन्नानी के कई पदाधिकारियों से संपर्क किया और कल शाम से उनके वर्तमान स्थान तथा यात्रा की योजना के बारे में सवाल पूछकर जांच की और जानकारी एकत्र की।

इस तरह तिरुनेलवेली रेंज के अंतर्गत आने वाले तिरुनेलवेली, तेनकासी, तूतीकोरिन और कन्याकुमारी जिलों में हिंदू मुन्नानी और भाजपा के कुल 750 पदाधिकारियों की पहले ही पहचान कर ली गई थी। उन्हें घर से बाहर निकलने से रोकने के लिए कल रात 11 बजे से पुलिस तैनात कर नजरबंद कर दिया गया।

तिरुनेलवेली जिले में 160, तेनकासी में 130, कन्याकुमारी में 300 और तूतीकोरिन में 190 लोगों की पहचान कर उन्हें घरों में नजरबंद किया गया है। वल्लियूर क्षेत्र में भाजपा के दक्षिण जिला अध्यक्ष तमिलसेल्वन, जिला उपाध्यक्ष पन्नै बालकृष्णन, चेट्टिकुलम अम्मा सेल्वकुमार और तिरुनेलवेली शहर में उत्तर जिला अध्यक्ष मुथु बलवेसम समेत सैकड़ों भाजपा और हिंदू मुन्नानी के पदाधिकारियों को घरों में नजरबंद किया गया है।

हिंदू मुन्नानी के राज्य सचिव और अधिवक्ता कुट्रालनाथन ने आज सुबह अपने घर से पलायमकोट्टई अदालत में काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले। उन्हें टाउन सहायक पुलिस आयुक्त गणेशन के नेतृत्व में इंस्पेक्टर सुब्रमणियन की अगुवाई वाली टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पदाधिकारी अंगुराज, ओमशक्ति मारियप्पन समेत कई अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। तिरुनेलवेली, तेनकासी और तूतीकोरिन में 480 लोगों को घरों में नजरबंद किया गया है। तिरुनेलवेली रेंज के डीआईजी तिरुनावुक्करासु ने बताया है कि अब तक रेंज में 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV