home page

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राजनीतिक दलों ने झोंकी ताकत

 | 

चेन्नई, 21 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु में २३ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन आज राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। कुल 234 सीटों पर 4,023 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सभी दल जोरदार से प्रचार में जुटे हुए हैं।

चुनाव प्रचार के आज आखिरी दिन उम्मीदवार अधिक से अधिक लोगों से मिलकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। इसी के साथ प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता भी आज विभिन्न स्थानों पर प्रचार, जनसभा और रोड शो करने की योजना बनाए हुए हैं। आज शाम 6 बजे के बाद चुनाव से संबंधित कोई भी सभा या जुलूस आयोजित नहीं किया जा सकता। इसलिए मुख्यमंत्री स्टालिन पूरे राज्य का दौरा समाप्त करके आज अपने निर्वाचन क्षेत्र कोलाथुर में अपने लिए वोट मांग रहे हैं।

टीवीके नेता विजय ने आज दोपहर में पल्लवक्कम अंबेडकर प्रतिमा, तिरुवनमियूर नागाथम्मन मंदिर जंक्शन, सैदापेट पनगल मालीगई के पास अन्ना सलाई कलाईनार आर्च जूनिस रोड जंक्शन तक वाहन रैली निकाली। इसके बाद दोपहर 3 बजे से सैदापेट नंदनम वाईएमसीए मैदान में टीवीके पदाधिकारियों की बैठक आयोजित करने की भी अनुमति ली गई है। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद शाम 6 बजे के बाद संबंधित क्षेत्र से बाहर के लोगों को वहां से निकलने का आदेश दिया गया है। चुनाव आयोग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर 2 साल तक की सजा हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV