home page

देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और भारी बारिश के आसार, दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश

 | 
देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और भारी बारिश के आसार, दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के बाद शनिवार को जहां दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जिससे यहां के निवासियों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है वहीं देश के बड़े हिस्से में आंधी-तूफान और भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बदले मौसम के कारण मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण लू से राहत मिली है वहीं रविवार को देश के अन्य हिस्सों से भी लू का असर कमजोर पड़ने के आसार हैं। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे की ओर कदम बढ़ा रहा है। इस पूरे सप्ताह पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार राजधानी में रविवार को भी गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। हवाओं की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार रह सकती है, जो शाम के समय 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है। यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 36-38 डिग्री सेल्सियस और 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 1 और 2 जून को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37-39 डिग्री सेल्सियस और 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है जबकि 2 जून का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 38-40 डिग्री सेल्सियस और 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक आज मॉनसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, कोमोरिन क्षेत्र के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी के मध्य और पूर्वोत्तर हिस्सों में और आगे की ओर प्रवेश कर गया है। अगले 4-5 दिनों के दौरान मॉनसून के केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, अरब सागर के बाकी इलाकों और बंगाल की खाड़ी के बचे हुए हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं।

पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में 31 मई से 01 जून, फिर 4-5 जून को, असम और मेघालय में 1-5 जून तक और 2 से 5 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश में 2-5 जून तक भारी बारिश होने की संभावना है।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 31 मई, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तथा उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं से लेकर कुछ इलाकों में 31 मई से 03 जून तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 31 मई, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 31 मई से 3 जून तक, केरल और माहे में 31 मई से 5 जून तक और लक्षद्वीप में 31 मई से 1 जून तक फिर 4-5 जून के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

पूर्वी भारत के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 31 मई से 5 जून तक, गंगा से सटे पश्चिम बंगाल में 31 मई, बिहार में 1 जून, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-5 जून, झारखंड और ओडिशा में 31 मई से 5 जून तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है जबकि 31 मई से 01 जून के दौरान ओडिशा में तथा 4-5 जून को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने की संभावना है।

उत्तर-पश्चिमी भारत के उत्तराखंड में 31 मई और जम्मू-कश्मीर में 4-5 जून, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में 31 मई से 01 जून और अगले 7 दिनों के दौरान राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में 31 मई को कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने के आसार हैं। पूर्वी राजस्थान में 31 मई को और पश्चिमी राजस्थान में 01 जून के दौरान कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी चलने की बहुत अधिक संभावना है।

मध्य भारत के पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 31 मई से 03 जून के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 30 मई से 01 जून तक भारी बारिश होने, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 31 मई को तथा छत्तीसगढ़ में 30 मई को कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है।

पश्चिम भारत के कोंकण और गोवा में 31 मई से 04 जून, मध्य महाराष्ट्र में 31 मई से 04 जून, मराठवाड़ा में 31 मई से 03 जून और गुजरात राज्य में 30 मई से 05 जून के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है जबकि गुजरात क्षेत्र में 31 मई से 02 जून के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। मध्य महाराष्ट्र में 02 जून को कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।

विदर्भ, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ अलग-अलग इलाकों में कल लू चलने तथा कोंकण में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के कुछ इलाकों में 11-20 सेमी भारी वर्षा, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मेघालय, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश 7-11 सेमी तक भारी वर्षा दर्ज की गयी।

वहीं, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान, ओडिशा और मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हुई, जबकि राजस्थान में धूल भरी आंधी चली। हालांकि इन क्षेत्रों में लू का असर कम हुआ है, लेकिन पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ हिस्सों में लोगों को अभी भी लू का सामना करना पड़ा ीै।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी