(अपडेट) छत्तीसगढ़ के कोरिया में कार जलाने की घटना में तीन की मौत, एक गंभीर
कोरिया, 17 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में बीती रात हुई दिल दहला देने वाली घटना में मरने वालों की संख्या तीन पहुंच गई है। घटना में 80 प्रतिशत तक जल चुके नागेंद्र सिंह ने बेहतर उपचार के लिए रायपुर ले जाते समय बिलासपुर से पहले दम तोड़ दिया।
रेत उत्खनन को लेकर सत्ताधारी दल के नेताओं के बीच मंगलवार दोपहर हुए विवाद के बाद रात में दिल को दहला देनी वाली घटना में आरोपिताें ने फॉर्च्यूनर में सवार होकर गांव पहुंचे मृतकों की गाड़ी को पहले टिपर से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसके बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। आरोपिताें ने मृतकों को गाड़ी से निकलने का मौका तक नहीं दिया।
इस घटना में भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की जहां मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं चार घायलों को उपचार के लिए अंबिकापुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं 80 प्रतिशत तक जल चुके नागेंद्र सिंह (53) अंबिकापुर से रेफर कर रायपुर ले जाते समय बिलासपुर के पहले मौत हो गई। इसके अलावा एक अन्य घायल मयंक सिंह की भी स्थिति काफी नाजुक बताई जा रही है।
इस घटना के बाद आक्रोशित सर्व समाज द्वारा कोरिया पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया है। सर्व समाज ने घटना की सीबीआई जांच की मांग करते हुए आरोपिताें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

