home page

यह चुनाव भारत की आत्मा को सुरक्षित रखने का संघर्ष है: शशि थरुर

 | 
यह चुनाव भारत की आत्मा को सुरक्षित रखने का संघर्ष है: शशि थरुर
यह चुनाव भारत की आत्मा को सुरक्षित रखने का संघर्ष है: शशि थरुर


मुंबई, 12 मई (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरुर ने कहा कि लोकसभा का यह चुनाव कोई सामान्य चुनाव नहीं बल्कि भारत की आत्मा को सुरक्षित रखने का संघर्ष है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकतंत्र व संविधान को खतरे में डाला है, खुलेतौर पर देश की विविधता को कमजोर किया है। थरूर ने दावा किया है कि 4 जून को केन्द्र से भाजपा की सरकार जाएगी और इंडी गठबंधन की सरकार आएगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरुर रविवार को मुंबई के कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। थरूर ने कहा कि तीन चरणों का मतदान हो चुका है और सिर्फ दक्षिण भारत ही नहीं बल्कि सभी राज्यों में माहौल बदला नजर आ रहा है। थरूर ने कहा कि संविधान ने जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र की परवाह किए बिना यह स्पष्ट कर दिया है कि सबसे पहले हम भारत के नागरिक हैं, लेकिन भाजपा ऐसा नहीं सोचती। भाजपा ने धर्म को नागरिकता में ला दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिन शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, उनका प्रयोग हम बंद घर में भी सार्वजनिक रूप से नहीं कर सकते। यह बहुत ही अपमानजनक है और देश व राजनीति के लिए उचित नहीं है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकसभा का यह चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है बल्कि भारत की आत्मा को सुरक्षित रखने का संघर्ष है। भाजपा ने लोकतंत्र व संविधान को खतरे में डाला है। भाजपा की राजनीति को देखते हुए सभी समान विचारधारा वाले दल एक साथ आकर लड़ाई में शामिल हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि 4 जून के बाद ऐसी सरकार आएगी, जो सही मायनों में सभी जाति व धर्मों का विकास करेगी और सबको साथ लेकर चलेगी।

शशि थरुर ने कहा कि चुनाव प्रचार में भाजपा बेरोजगारी, महंगाई, किसानों के मुद्दों पर बात नहीं करती। भाजपा और नरेन्द्र मोदी जनता के ज्वलंत सवालों से बचकर महत्वहीन मुद्दों पर बात कर रहे हैं। यूपीए सरकार के दौरान डॉ. मनमोहन सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखते थे, जबकि नरेन्द्र मोदी अब स्क्रिप्टेड साक्षात्कार दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस, शिवसेना उद्धव बाला साहेब ठाकरे और शरद चंद्र पवार की पार्टी एनसीपी के साथ पूरा तालमेल है और सभी पार्टियां मिलकर चुनाव प्रचार कर रही हैं। हालांकि भाजपा ने शिवसेना और एनसीपी को तोड़ दिया है, लेकिन कार्यकर्ता अभी भी मूल पार्टी के साथ हैं।

पत्रकार वार्ता के दौरान विपक्षी नेता विजय वडेट्टीवार, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान, विधानसभा में उपनेता अमीन पटेल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव बीएम संदीप, मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे , मीडिया समन्वयक प्रगति अहीर और प्रदेश प्रवक्ता भरत सिंह आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/सुनील