home page

अमृतसर में आतंकी साजिश नाकाम, आईएसआई का गुर्गा हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल के साथ गिरफ्तार

 | 
अमृतसर में आतंकी साजिश नाकाम, आईएसआई का गुर्गा हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल के साथ गिरफ्तार


- पुलिस संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों को बनाया जाना था निशाना

चंडीगढ़, 15 जुलाई (हि.स.)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक व्यक्ति को हैंड ग्रेनेड, 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार करके सीमा पार की आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि रूपनगर के गांव सुखसाल का रहने वाला सुमित कुमार उर्फ पंडित (24) इस समय अमृतसर के पंडोरी वड़ैच में रह रहा था। वह इंस्टाग्राम के जरिए सीमा पार के आईएसआई हैंडलरों के संपर्क में था और उसे कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने के लिए पुलिस संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसमें शामिल अन्य सहयोगियों तथा हैंडलरों की पहचान के लिए आगे की जांच की जा रही है।

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुख्ता खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने सुमित कुमार उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया और शुरू में उसके कब्जे से एक ग्लॉक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। उन्होंने बताया कि उसकी निशानदेही पर पुलिस टीमों ने एक और हैंड ग्रेनेड बरामद किया। उन्होंने बताया कि आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच से पता चला है कि उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक मामला दर्ज है। इस संबंध में अमृतसर के थाना कैंट में मामला दर्ज कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा