home page

गडकरी ने की तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा, समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

 | 
गडकरी ने की तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा, समयबद्ध पूरा करने के निर्देश


नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रमुख कॉरिडोर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर देते हुए संबंधित एजेंसियों को लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में गडकरी ने नागपुर-विजयवाड़ा कॉरिडोर और सोलापुर-चेन्नई कॉरिडोर की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने चल रहे कार्यों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की और कहा कि विभिन्न एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए परियोजनाओं के निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें।

गडकरी ने कहा कि ये रणनीतिक राजमार्ग कॉरिडोर क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेंगे तथा लोगों और माल की आवाजाही को अधिक तेज और सुगम बनाएंगे। इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय राजमार्ग अवसंरचना का विकास विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने से लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ेगी और विभिन्न क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर