home page

तेलंगाना : आदिलाबाद में कर्ज-फसल नुकसान से टूटे किसान ने की आत्महत्या, खरीद से इनकार का वीडियो वायरल

 | 

हैदराबाद, 21 मार्च (हि.स.)। तेलंगाना के आदिलाबाद जिले के ग्रामीण मंडल स्थित अरली (बी) गांव में भारी कर्ज और फसल बर्बादी से परेशान एक किसान ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। उनकी मौत के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अधिकारियों से अपनी फसल खरीदने के लिए हाथ जोड़कर गुहार लगाते नजर आ रहे हैं।

परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 58 वर्षीय थुडुम गणपति ने अपनी 5 एकड़ जमीन के अलावा 10 एकड़ जमीन पट्टे (लीज) पर लेकर खेती की थी। उन्होंने सोयाबीन, कपास और ज्वार की बुवाई के लिए विभिन्न स्रोतों से करीब 7 लाख रुपये का कर्ज लिया था। लेकिन प्रतिकूल मौसम के चलते उनकी अधिकांश फसल बर्बाद हो गई। जो थोड़ी बहुत कपास बची थी, उसे बेचने के लिए जब वे आदिलाबाद के मार्केट यार्ड पहुंचे, तो अधिकारियों ने ‘नमी अधिक होने’ का हवाला देते हुए उनकी उपज खरीदने से इनकार कर दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में गणपति की बेबसी साफ झलकती है। वे अधिकारियों और व्यवस्था से अपनी सोयाबीन की फसल खरीदने की अपील करते दिखाई देते हैं और साथ ही आत्महत्या की आशंका भी जताते नजर आते हैं।

परिजनों के मुताबिक, मानसिक तनाव से जूझ रहे गणपति ने शुक्रवार रात कीटनाशक पी लिया। उन्हें तत्काल रिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को साझा करते हुए सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

लोगों की प्रमुख मांगों में पीड़ित परिवार को 6 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने, नमी के नियमों में ढील देकर संकटग्रस्त किसानों की उपज खरीद सुनिश्चित करने तथा पट्टे पर खेती करने वाले किसानों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की बात शामिल है। साथ ही, उन्हें ‘रायतु बंधु’ योजना के दायरे में लाने की मांग भी तेज हो गई है।

वहीं, आदिलाबाद के पुलिस अधीक्षक अखिल महाजन ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj