पंजाब में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण पर अमित शाह को पत्र, सीबीआई-एनआईए जांच की मांग की
नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय प्रभारी और राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने पंजाब में अपराधियों को कथित तौर पर मिल रहे राजनीतिक संरक्षण की जांच की मांग की है। इस संबंध में मंगलवार को तरुण चुग ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इसकी सीबीआई और एनआईए से जांच कराने का आदेश देने का आग्रह किया है।
तरुण चुग ने अमित शाह को लिखे पत्र में कहा कि पंजाब में सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने राज्य में अपराध, हमलों और नशे के नेटवर्क का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन गतिविधियों के पीछे राजनीतिक संरक्षण की भी जांच होनी चाहिए। तरुण चुग ने पत्र में 01 सितंबर को आम आदमी पार्टी द्वारा आयोजित राजनीतिक प्रदर्शन में कुख्यात अपराधी गैंगस्टर कमल बोरी की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस संबंध में पुलिस महानिदेशक से संंबंधित व्यक्ति की पहचान कर सत्यापन की मांग की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमल बोरी को उनके घर अमृतसर में उनकी रेकी करने के लिए लगाया था। उन्होंने इसमें राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पंजाब में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। चुग ने मांग की कि अपराधियों को संरक्षण देने के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

