तरनतारन पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई 10.9 किलो हेरोइन बरामद की
- बीएसएफ के साथ संयुक्त तलाशी अभियान में करीब 55 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त
तरनतारन, 12 जुलाई (हि.स.)। तरनतारन पुलिस ने रविवार को पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय क्षेत्र में गिराई गई 10 किलो 900 ग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की कीमत करीब 55 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार वल्टोहा पुलिस स्टेशन को देर रात सूचना मिली थी कि गांव लखना के बहकान के पास जसविंदर सिंह पुत्र बाली सिंह के खेतों में ड्रोन के जरिए कुछ पैकेट गिराए गए हैं। इसके बाद वल्टोहा थाने के हेड सब-इंस्पेक्टर विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ गांव लखना पहुंचे और सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ मिलकर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस और सीमा सुरक्षा बल की टीम ने खेतों से एक प्लास्टिक बैग और कुछ खुले पैकेट बरामद किए। जब इनका वजन किया गया तो कुल 10 किलो 900 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने हेरोइन को जब्त कर लिया है। वल्टोहा पुलिस स्टेशन में अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सीमा पार तस्करी के इस नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
-------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

