home page

बंगाल : तारापीठ अग्निकांड मामले में होटल मालिक गिरफ्तार, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई सात

 | 
बंगाल : तारापीठ अग्निकांड मामले में होटल मालिक गिरफ्तार, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई सात


कोलकाता, 17 अगस्त (हि.स.)। बीरभूम जिले के तारापीठ में सोमवार तड़के होटल ‘विदेशिनी’ में लगी भीषण आग में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने होटल मालिक कल्याण पाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस होटल की अग्निशमन व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और नियमों के पालन की जांच कर रही है।

तारापीठ थाना के पास स्थित होटल में सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे आग लगी। दमकल की प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है। आग की लपटें होटल की पहली और दूसरी मंजिल तक पहुंचीं, जबकि धुआं पांचवीं मंजिल तक फैल गया।

पुलिस और दमकलकर्मियों ने होटल से 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें नौ लोग बेहोशी की हालत में मिले। सभी घायलों को रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। कई लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दो घायलों का अभी इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद होटल में ठहरे लोगों ने आरोप लगाया कि पीछे की ओर स्थित एक दरवाजा बंद था, जिसके कारण उन्हें बाहर निकलने में परेशानी हुई। पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि होटल में अग्निशमन उपकरण और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था निर्धारित नियमों के अनुरूप थी या नहीं।

हालांकि, होटल मालिक कल्याण पाल ने दावा किया कि अग्निशमन व्यवस्था में कोई कमी नहीं थी और पीछे की ओर बाहर निकलने का दरवाजा मौजूद था। उनके मुताबिक, आग लगने के बाद होटल कर्मचारियों ने तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद कर दी थी, जिससे अंधेरा छा गया और कई लोग पीछे का दरवाजा नहीं ढूंढ सके। उन्होंने बताया कि कुछ लोग सामने स्थित स्वागत कक्ष की ओर से बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान वे आग की चपेट में आ गए।

पुलिस अब आग लगने के कारण, होटल की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन निकासी में संभावित लापरवाही समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतकों में वे श्रद्धालु शामिल हैं, जो श्रावण मास के सोमवार को तारापीठ मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए विभिन्न जिलों से पहुंचे थे।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर