home page

नेपाल में तमिलनाडु के 100 ज्यादा लोग फंसे, मुख्यमंत्री ने चार मंत्रियों को दिल्ली भेजा, अधिकारियों का दल काठमांडू रवाना

 | 

चेन्नई, , 28 अगस्त (हि.स.)। तमिलनाडु सरकार ने नेपाल में आई बाढ़ में फंसे 100 से ज्यादा तमिल लोगों को बचाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचे चार मंत्रियों ने आधीरात बैठक कर स्थिति पर चर्चा की। दिल्ली स्थित तमिलनाडु भवन के अतिरिक्त आयुक्त के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय दल नेपाल की राजधानी काठमांडू के लिए रवाना हो गया है।

पड़ोसी देश नेपाल में बुधवार को रसुवा जिले में स्थित भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के कारण वहां के पुल और सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इस प्राकृतिक आपदा में कैलाश मानसरोवर यात्रा और पर्यटन के लिए तमिलनाडु से नेपाल गए 100 से अधिक तमिल लोग फंसे हुए हैं। इन्हें सुरक्षित रूप से स्वदेश लाने के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आपात बैठक में बचाव कार्यों पर चर्चा की गई।

बचाव कार्यों को केंद्र और नेपाल स्थित भारतीय दूतावास के साथ मिलकर सीधे समन्वित करने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर चार मंत्रियों का एक दल दिल्ली पहुंचा है। मंत्री आद अर्जुना, राजमोहन, तेननारसु और विनोद को शामिल करते हुए यह दल दिल्ली पहुंचने के बाद कल रात करीब एक बजे दिल्ली स्थित ‘तमिलनाडु भवन’ में आपात बैठक आयोजित की गई। इसमें दिल्ली में तैनात तमिलनाडु के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने भी भाग लिया।

इस उच्चस्तरीय बैठक में नेपाल की बाढ़ में अब तक कितने तमिल लोगों को बचाया गया है, अभी कितने लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं, क्या वे स्वदेश लौटने के लिए तैयार हैं और लापता लोगों की संख्या कितनी है, सहित कई महत्वपूर्ण विवरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा, वहां से प्राप्त व्हाट्स ऐप वॉइस रिकॉर्डिंग और सूचनाओं के आधार पर मंत्रियों ने अधिकारियों से जमीनी स्थिति की भी जानकारी ली।

इसके साथ ही अतिरिक्त कदम के रूप में, दिल्ली स्थित तमिलनाडु भवन के अतिरिक्त आयुक्त आशीष कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के दल को काठमांडू भेजने का तमिलनाडु सरकार ने आदेश दिया है। यह दल काठमांडू पहुंचकर नेपाल सरकार और भारतीय दूतावास के अधिकारियों के साथ मिलकर बचाव कार्यों की सीधे निगरानी करेगा। इसके अलावा, राज्य में फंसे तमिल लोगों और उनके परिवारों को तुरंत संपर्क करने की सुविधा देने के लिए तमिलनाडु सरकार ने 24 घंटे का नियंत्रण कक्ष और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी आधिकारिक रूप से जारी कर दिए हैं और ये सेवाएं शुरू हो गई हैं।नेपाल में बनी गंभीर स्थिति को ध्यान में रखते हुए, आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली में डेरा डाले मंत्रियों का दल खुद सीधे नेपाल की यात्रा करे, इस पर भी विचार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV