स्वाति मालिवाल ने पार्टी छोड़ने की घोषणा कर कहा, आदर्शों से भटक चुकी है आम आदमी पार्टी
नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। राघव चड्डा समेत आम आदमी पार्टी के दो तिहाई सांसदों के गुट के भाजपा में विलय के घटनाक्रम के बीच राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने पार्टी छोड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि आआपा अपने आदर्शों से भटक गई है।
स्वाति मालीवाल ने एक्स पर लिखा, साल 2006 में अपनी नौकरी छोड़ कर मैंने देशसेवा का मार्ग चुना था। आरटीआई आंदोलन, अन्ना आंदोलन, आम आदमी पार्टी के गठन और दिल्ली महिला आयोग में 8 साल निष्ठापूर्वक काम करते हुए, मैंने हर चरण में पूरी ईमानदारी और समर्पण से योगदान दिया।
जिन सिद्धांतों, मूल्यों और ईमानदार राजनीति के संकल्प के साथ हमने यह सफर शुरू किया था, आज बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अरविंद केजरीवाल और उनके इशारे पर पूरी आम आदमी पार्टी उन आदर्शों से भटक चुकी है।
उन्होंने कहा मेरे साथ उनके आवास पर उनके इशारे पर बुरी तरह मारपीट और अभद्रता की गई। उन्होंने अपने गुंडे को बचाने के लिए एड़ी-चोटी का ज़ोर लगा दिया और उसे बड़े-बड़े पदों से नवाज़ा। मुझे बर्बाद करने की धमकियाँ दी और हरसंभव कोशिश की।
केजरीवाल जी के संरक्षण में आम आदमी पार्टी में बढ़ता बेहिसाब भ्रष्टाचार, महिलाओं के साथ उत्पीड़न और मारपीट की घटनाएँ, गुंडा तत्वों को बढ़ावा और पंजाब के साथ हो रही धोखेबाजी और लूट को देखते हुए मैंने आज पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि वे इस समय संसदीय समिति की बैठक के लिए इटानगर में हैं। वहां से लौट कर शनिवार को विस्तार से बात करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

