कतर में गैस प्लांट हादसे के बाद सूरत का युवक लापता, परिवार चिंतित
सूरत, 23 जून (हि.स.)। कतर के रास लाफान स्थित एलएनजी गैस प्लांट में हुए विस्फोट के बाद सूरत के एक युवक के लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। इस दुर्घटना के बाद से सूरत निवासी सनी चंपकभाई पटेल का पिछले 24 घंटे से अधिक समय से अपने परिवार से संपर्क नहीं हो पा रहा है। दुर्घटना के बाद से उनका मोबाइल बंद आ रहा है और उनकी कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पा रही है।
सनी पटेल कतर की एक कंपनी में फिटर के रूप में काम कर रहे हैं। विस्फोट के समय वह रात की शिफ्ट में थे। परिवार वालों का कहना है कि सनी राेजाना ड्यूटी पर जाने और आने के बाद पत्नी को फोन करते थे। हादसे वाले दिन भी उन्होंने पत्नी से बात कर ड्यूटी पर जाने की जानकारी दी थी, लेकिन उसके बाद से सनी से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। सनी के बड़े भाई रवि पटेल भी कतर में ही नौकरी करते हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने भारतीय दूतावास, स्थानीय और संबंधित अधिकारियों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। हालांकि अब तक सनी की स्थिति को लेकर उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कतर के प्रभावित क्षेत्र में प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है।
बताया जा रहा है कि जिस टीम में सनी की कार्यरत थे, उनमें दक्षिण गुजरात के नवसारी के दो युवा और दमन का एक युवा भी शामिल है। ये सभी प्लांट के मेंटेनेंस और ऑपरेशन से जुड़े काम करते थे । इनकी स्थिति को लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
इस बारे में सनी के चाचा अनिलभाई खाटा ने बताया कि परिवार को सुबह हादसे की जानकारी मिली थी। इसके बाद से सभी लोग सनी की कुशलता को चिंतित हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और भारतीय दूतावास से भी इस मामले में मदद की गुहार लगाई है।
कतर के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार यह एक तकनीकी दुर्घटना थी। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। भारतीय दूतावास भी स्थिति पर नजर
रखे हुए है। वहीं सूरत में सनी के परिवारजन उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद में लगातार अधिकारियों और अपने परिचितों से संपर्क कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

