home page

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में म्यूल अकाउंट का बड़ा खुलासा, 21 राज्यों में 113 करोड़ से अधिक के लेनदेन का चला पता

 | 
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में म्यूल अकाउंट का बड़ा खुलासा, 21 राज्यों में 113 करोड़ से अधिक के लेनदेन का चला पता


सूरजपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। साइबर ठगी के मामलों की जांच कर रही छत्तीसगढ़ की पुलिस ने एक ऐसे बैंक खाते का खुलासा किया है, जिसे कथित तौर पर म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार इस खाते में अलग-अलग राज्यों के लोगों से ठगी गई करोड़ों की रकम जमा की गई। जांच में खाते से 21 राज्यों की करीब 150 शिकायतें जुड़ी मिली हैं और 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये से अधिक के लेनदेन का पता चला है।

मामला भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के ज्वाइंट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन पोर्टल के जरिए पुलिस के सामने आया। अलग-अलग राज्यों की पुलिस द्वारा इस बैंक खाते से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। समन्वय पोर्टल से जानकारी मिलने के बाद सूरजपुर पुलिस ने खाते और उससे जुड़े लोगों की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में डी.एन. चक्रधारी शिक्षा विकास संघ के नाम से बैंक खाता संचालित था। इस खाते के मूल खाताधारक देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी बताए गए हैं।

आज पुलिस की दी गई जानकारी के अनुसार, इन शिकायतों में 21 राज्यों से करीब 150 साइबर ठगी किए जाने की शिकायत सामने

आई है। खाते में कुल 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये से अधिक का लेनदेन पाया गया। वहीं इस खाते से आरोपितों के खातों में करीब 45 लाख रुपये ट्रांसफर किए जाने की भी जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि बैंक खाते का इस्तेमाल कथित तौर पर साइबर ठगी से हासिल रकम को जमा करने और आगे ट्रांसफर करने के लिए किया गया। ऐसे खातों को आम तौर पर म्यूल अकाउंट कहा जाता है, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में पहुंचाने के लिए करते हैं।

एसपी योगेश पटेल के अनुसार, 21 राज्यों से जुड़ी 150 शिकायतों की जांच में इतनी बड़ी रकम के लेनदेन की जानकारी सामने आना गंभीर मामला है। पुलिस को आशंका है कि इस खाते के जरिए अन्य राज्यों में भी साइबर ठगी से जुड़ी रकम का लेनदेन किया गया है।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आज सोमवार को महेश कुमार चक्रधारी को गिरफ्तार किया है। वहीं देवनारायण चक्रधारी समेत अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस बैंक खाते से जुड़े दस्तावेजों, लेनदेन और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित महेश कुमार चक्रधारी को इससे पहले मुंबई पुलिस भी साइबर फ्रॉड के एक मामले में गिरफ्तार कर चुकी है और उसे मुंबई की जेल में रखा गया था। अब सूरजपुर पुलिस ने म्यूल अकाउंट से जुड़े इस मामले में उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले को अंतरराज्यीय साइबर अपराध से जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खाते के जरिए ठगी की रकम किन-किन लोगों तक पहुंचाई गई और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

_________________

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय