home page

सुभाषचंद्र बोस पर टिप्पणी विवाद में अनंत महाराज ने मांगी माफी, मुख्यमंत्री ने कहा- कानून अपना काम करेगा

 | 
सुभाषचंद्र बोस पर टिप्पणी विवाद में अनंत महाराज ने मांगी माफी, मुख्यमंत्री ने कहा- कानून अपना काम करेगा


कोलकाता, 14 अगस्त (हि.स.)। नेताजी सुभाषचंद्र बोस को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले भाजपा के राज्यसभा सांसद नगेंद्र राय उर्फ अनंत महाराज का बंग विभूषण सम्मान वापस लिए जाने के बाद भी विवाद जारी है। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। विवाद के बीच अनंत महाराज ने अपनी टिप्पणी पर खेद जताते हुए भविष्य में सतर्क रहने की बात कही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उनके माफी मांगने को सकारात्मक पहल बताया, हालांकि उन्होंने कहा कि सांसद ने अक्षम्य काम किया है।

भवानीपुर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि अनंत महाराज की ओर से माफी मांगना सकारात्मक रूप से देखा जाना चाहिए। अनंत महाराज ने खुद माना है कि ऐसी टिप्पणी करते समय उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में कानून अपना काम करेगा। उन्होंने बताया कि अनंत महाराज के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अबतक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद 282 पोस्ट हटाए गए हैं और संबंधित फेसबुक खातों को बंद किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, मामले में कुल छह प्राथमिकी दर्ज की गई है।

विवाद बढ़ने के बाद अनंत महाराज ने सोशल मीडिया पर 17 सेकंड का एक वीडियो जारी कर नेताजी के प्रति सम्मान जताया और अपनी टिप्पणी पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नेताजी के बारे में उनकी कुछ अनिच्छित टिप्पणियों से यदि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए ईमानदारी से दुखी हैं।

सुभाष चंद्र बोस को लेकर टिप्पणी विवाद में अब तक गिरफ्तार किए गए पांचों लोग कूचबिहार जिले के रहने वाले हैं। गिरफ्तार लोगों में उत्तम बर्मन नामक एक शिक्षक भी शामिल हैं। शुक्रवार को सभी गिरफ्तार आरोपितों को अदालत में पेश किया गया।

इस बीच, पद्मश्री से सम्मानित स्वामी प्रदीप्तानंदजी महाराज उर्फ कार्तिक महाराज ने भी अनंत महाराज की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नेताजी के बारे में टिप्पणी करने से पहले इतिहास की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस और वाम मोर्चे पर भी नेताजी का अपमान करने का आरोप लगाया। अनंत महाराज पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, अनंत महाराज कहां के कौन?

राज्य के मंत्री शंकर घोष ने कहा कि यदि कोई अपनी गलती स्वीकार करता है तो समाज को भी उदारता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गलती स्वीकार करने और माफी मांगने का सम्मान किया जाना चाहिए। यह अहंकार की लड़ाई नहीं है और केवल गिरफ्तारी कर देना ही समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि अनंत महाराज ने गलती स्वीकार कर माफी मांग ली है। संवेदनशील मुद्दों पर ऐसी टिप्पणियों से बचना चाहिए, जिनसे अनावश्यक विवाद पैदा हो।------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर