home page

बुलेट ट्रेन के लिए महाराष्ट्र में पहला स्टील पुल तैयार, 1,405 टन है वजन

 | 
बुलेट ट्रेन के लिए महाराष्ट्र में पहला स्टील पुल तैयार, 1,405 टन है वजन


नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत महाराष्ट्र में पहला स्टील पुल तैयार कर लिया गया है। 100 मीटर लंबा और 1,405 टन वजनी यह पुल ठाणे जिले के भिवंडी में डाइव-अंजुर गांव के पास नासिक हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग-3) पर बनाया गया है।

इस पुल को करीब 1,300 किलोमीटर दूर तमिलनाडु के त्रिची में तैयार किया गया। इसके बाद इसे बड़े ट्रेलरों से महाराष्ट्र लाया गया और यहां जोड़कर निर्धारित स्थान पर स्थापित किया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह काम देश में बड़े और जटिल इस्पात ढांचे तैयार करने की बढ़ती क्षमता को दिखाता है।

पुल बनाने के दौरान स्टील की कटाई, ड्रिलिंग, वेल्डिंग और पेंटिंग का काम तय मानकों के अनुसार किया गया। इस्तेमाल किए गए स्टील के प्रत्येक बैच की अल्ट्रासोनिक जांच की गई। वेल्डिंग और निगरानी के काम में लगे कर्मचारियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित किया गया था।

निर्माण स्थल पर पुल को जमीन से करीब 17.5 मीटर ऊपर अस्थायी ढांचे पर जोड़ा गया। इसके लिए 22 स्किड व्यवस्था और 54,076 विशेष उच्च क्षमता वाले बोल्ट लगाए गए। पुल की सुरक्षा और लंबे समय तक मजबूती बनाए रखने के लिए विशेष पेंट और कंपन कम करने वाली बेयरिंग भी लगाई गई हैं।

पुल को इसके अंतिम स्थान तक पहुंचाने के लिए स्वचालित प्रणाली का इस्तेमाल किया गया। इसमें 150-150 टन क्षमता वाले दो जैक और विशेष मजबूत छड़ों का इस्तेमाल किया गया। राजमार्ग पर यातायात को कम से कम प्रभावित करने के लिए पुल को रात में यातायात रोककर स्थापित किया गया।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन गलियारे में कुल 28 स्टील पुल बनाए जाने हैं। इनमें से 16 पुलों का काम पूरा हो चुका है। ये पुल राजमार्ग, एक्सप्रेसवे, नदियों और रेलवे लाइनों को पार करने के लिए बनाए जा रहे हैं, जहां लंबे हिस्से को एक ही पुल से पार करना जरूरी होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार