home page

तमिलनाडु के महाबलीपुरम में गुरुवार को दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता

 | 
तमिलनाडु के महाबलीपुरम में गुरुवार को दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता


नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार को तमिलनाडु के महाबलीपुरम में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस परिषद् में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना राज्य और पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप संघ राज्यक्षेत्र शामिल हैं।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार, राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 1956 की धारा 15 से 22 के तहत देश में पांच क्षेत्रीय परिषदों की स्थापना की गई थी। दक्षिणी परिषद के अध्यक्ष केंद्रीय गृहमंत्री होते हैं और उपाध्यक्ष सदस्य राज्यों में से किसी एक के मुख्यमंत्री होते हैं। इस बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय उपाध्यक्ष होंगे। बैठक गृह मंत्रालय के अंतर-राज्य परिषद सचिवालय द्वारा तमिलनाडु सरकार की मेजबानी में आयोजित की जा रही है। इसमें सदस्य राज्यों और संघ राज्यक्षेत्रों के मुख्यमंत्री, उप-राज्यपाल, प्रशासक, प्रत्येक राज्य से दो वरिष्ठ मंत्री, मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सहकारी संघवाद के आधार पर टीम भारत की अवधारणा रखी है और क्षेत्रीय परिषदें इस दिशा में अहम योगदान दे रही हैं। परिषदें राज्यों और केंद्र के बीच संवाद और सहयोग का मंच प्रदान करती हैं। मोदी के नेतृत्व में परिषद की बैठकें संवाद से समाधान का सशक्त माध्यम बनी हैं।

मंत्रालय ने बताया कि जून 2014 से पिछले बारह वर्षों में विभिन्न क्षेत्रीय परिषदों और उनकी स्थायी समितियों की कुल 69 बैठकें आयोजित हुई हैं। परिषदें न केवल राज्यों के बीच विवादों और मुद्दों पर चर्चा करती हैं बल्कि राष्ट्रीय महत्व के विषयों जैसे महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों की त्वरित जांच, फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालयों की स्थापना, शिक्षा से जुड़े मुद्दे, आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम से संबंधित विषय, जल बंटवारे की परियोजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और नागरिक उड्डयन से जुड़े मामलों पर भी विचार करती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर