सोपोर के मुकाम चेरहार वन क्षेत्र से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद
सोपोर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। सोपोर के बोमाई पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मुकाम चेरहार के वन क्षेत्र में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया। इस अभियान में हथियार, गोला-बारूद, ग्रेनेड, इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) और अन्य संबंधित सामग्री का एक बड़ा जखीरा बरामद हुआ।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान एक बड़े पत्थर के नीचे छिपाकर रखा गया नीला बैरल और एक बैग मिला। संदिग्ध विस्फोटक सामग्री की जांच और उसे सुरक्षित रूप से संभालने के लिए तुरंत बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया।
अभियान के दौरान हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की गई जिसमें दो असॉल्ट राइफलें एक एके-47 और एक एके-76 साथ में सात मैगज़ीन और गोला-बारूद हुआ। चार पिस्तौलें साथ में चार मैगज़ीन और एक मल्टी ग्रेनेड लॉन्चर पांच राउंड , 11 हैंड ग्रेनेड, रिमोट कंट्रोल के साथ तीन आईईडी, आठ डेटोनेटर और दो टाइमर बरामद हुए।
अन्य सामग्री जिसमें वाई एसएमएस सेट, प्राइमा कॉर्ड, तार, बैटरी सेल, आईईडी से संबंधित पुर्जे और अन्य सामान शामिल हैं।
बरामद सामग्री को जरूरी सुरक्षा सावधानियों के साथ कानूनी प्रक्रिया के तहत कब्जे में ले लिया गया। इस संबंध में, बोमाई पुलिस स्टेशन में यूएपीए की धारा 13, 18, 20 और 23, आर्म्स एक्ट की धारा 7/25 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 5 के तहत एफआईआर नंबर 66/2026 दर्ज की गई है।
बरामद सामग्री के स्रोत और मालिकाना हक का पता लगाने, इसे छिपाने में शामिल लोगों की पहचान करने और संभावित आतंकवादी संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है। यह बरामदगी सोपोर पुलिस के आतंकवाद-विरोधी प्रयासों में एक बड़ी उपलब्धि है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

