home page

संसद मार्च से पहले सुरक्षा कड़ी, सोनम वांगचुक की अनशन समाप्त करने के लिए तीन शर्तें

 | 
संसद मार्च से पहले सुरक्षा कड़ी, सोनम वांगचुक की अनशन समाप्त करने के लिए तीन शर्तें


नई दिल्ली, 20 जुलाई (हि.स.)। मानसून सत्र के पहले दिन आज प्रस्तावित संसद मार्च को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपने अनशन की समाप्ति के लिए तीन शर्ते रखी हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट में वांगचुक ने कहा कि वे 20 जुलाई को अपना अनशन तभी समाप्त करेंगे, जब उनकी तीन में से कोई एक शर्त पूरी होगी। उधर, उनकी पत्नी ने उन्हें निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय की खंडपीठ का रुख किया है।

सोनम का कहना है कि वे अनशन तभी समाप्त करेंगे, यदि सरकार शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं और प्रश्नपत्र लीक जैसे मामलों की जिम्मेदारी स्वीकार करे। या फिर सीजेपी का नेतृत्व संसद के प्रवेश द्वार तक पहुंच जाए तथा विभिन्न दलों के सांसद उन्हें आश्वस्त करें कि वे इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे। या फिर यदि स्वास्थ्य या अन्य कारणों से वह ऐसा करने में सक्षम नहीं होते, तो विभिन्न दलों के सांसद अस्पताल पहुंचकर उन्हें यही आश्वासन दें।

उधर, दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक आम यात्रियों के लिए बंद रखने की घोषणा की है।

संसद मार्च के मद्देनजर संसद परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस, रैपिड एक्शन फोर्स और वज्र वाहन तैनात किए गए हैं, जबकि संसद मार्ग थाना क्षेत्र के आसपास बैरिकेड लगाए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा