home page

इंस्टाग्राम-फेसबुक और अहंकार का नशा भी खतरनाक, इनसे बचना जरूरी : डॉ भागवत

 | 
इंस्टाग्राम-फेसबुक और अहंकार का नशा भी खतरनाक, इनसे बचना जरूरी : डॉ भागवत


इंस्टाग्राम-फेसबुक और अहंकार का नशा भी खतरनाक, इनसे बचना जरूरी : डॉ भागवत


जोधपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने बदलते सामाजिक परिवेश में नशे के नए स्वरूपों पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा केवल रासायनिक पदार्थों का ही नहीं होता, बल्कि इंस्टाग्राम और फेसबुक का नशा, प्रसिद्धि का नशा तथा जाति, राज्य और भाषा का नशा भी व्यक्ति और समाज के लिए घातक है। इन सभी तरह के नशों से दूर रहने वाला व्यक्ति ही सुखी जीवन जी सकता है। उन्होंने कहा कि इस चुनौती से निपटने के लिए पूरे समाज को मिलकर प्रयास करना होगा।

डॉ भागवत रविवार को जोधपुर के श्री राजाराम आश्रम, शिकारपुरा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जोधपुर प्रांत की ओर से शताब्दी वर्ष के पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रांत घोष वर्ग मरु निनाद के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज समय बड़ा नाजुक है, लेकिन समाज एकजुट होकर खड़ा हो जाए तो बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है। उन्होंने आह्वान किया कि लोग संघ की शाखा में आएं और यदि ऐसा संभव नहीं है तो अपनी क्षमता के अनुसार संघ के कार्यों में सहयोग करें। यह भी संभव नहीं हो तो अपने कार्यक्षेत्र में निस्वार्थ भाव से देशहित में योगदान दें। संघ का एक ही लक्ष्य है- भारत माता की जय।

उन्होंने कहा कि समाज का आचरण उसके आसपास के वातावरण से बदलता है। इसलिए समाज में ऐसे लोगों और समूहों की आवश्यकता है, जिनका चरित्र निर्मल हो और जो देश के लिए समर्पित भाव से काम करें। गांवों, गलियों और मोहल्लों में समाज के बीच रहने वाले ऐसे लोग देश का वातावरण बदल सकते हैं। समाज को संगठित करने के लिए सभी को अपने छोटे-छोटे अहंकार मिटाकर एक-दूसरे के साथ खड़ा होना होगा।

भागवत ने कहा कि संगठन की शक्ति ही विजयशाली होती है। हमें अकेले अच्छा नहीं करना है, बल्कि सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना है। उन्होंने कौरवों और पांडवों का उदाहरण देते हुए कहा कि पांडवों के बीच भी मतभेद थे, लेकिन उन्होंने अपनी एकता को बनाए रखा। इसके विपरीत कौरव आपस में लड़ते रहे।

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की आशाओं का केंद्र है। कुछ शक्तियां अपने स्वार्थ के कारण भारत को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहतीं और देश को बांटने तथा समाज में आपसी संघर्ष पैदा करने के प्रयास कर रही हैं। ऐसे में समाज को अपनी एकता और सामूहिक शक्ति का स्मरण रखना होगा।

भागवत ने कहा कि भारत धर्मपरायण और परोपकार की परंपरा वाला देश है। आक्रमणकारियों ने अलग-अलग दौर में समाज को प्रभावित करने के प्रयास किए, लेकिन भारतीय समाज ने परोपकार का अपना स्वभाव नहीं छोड़ा। उन्होंने ब्रिटिश शासन का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने भारतीय शिक्षा व्यवस्था को समाप्त कर अपनी शिक्षा प्रणाली थोपने का प्रयास किया। इससे भारतीय समाज अपनी परंपराओं और सामर्थ्य से दूर होता गया।

उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपनी कमाई का उपयोग केवल अपने लिए नहीं करना चाहिए। दो हाथों से कमाकर हजार हाथों से बांटने की भावना विकसित करनी होगी। समाज में परस्पर सहयोग और सेवा का भाव मजबूत होना चाहिए।

भागवत ने संघ की घोष परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ की स्थापना के शुरुआती दौर में शारीरिक कार्यक्रमों के लिए बैंड की आवश्यकता महसूस हुई थी। तब स्वयंसेवकों ने रणसंगीत का निर्माण किया। घोष और संगीत के माध्यम से स्वयंसेवकों में स्वाभिमान और सामूहिकता का भाव जागृत होता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रदर्शन में केवल प्रशंसा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि कमियों की पहचान कर उन्हें सुधारना भी जरूरी है।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वज प्रणाम और घोष वंदन के साथ हुई। स्वयंसेवकों ने विभिन्न व्यूह रचनाओं और संगीत प्रस्तुतियों का प्रदर्शन किया। संघ के 101 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 101 की आकृति पर आधारित विशेष रचना भी प्रस्तुत की गई। स्वयंसेवकों ने मीरा वादन रचना की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम की रूपरेखा करीब डेढ़ वर्ष पहले तैयार की गई थी और इसके लिए अलग-अलग स्तर पर प्रशिक्षण दिया गया था।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर