home page

इंडिगो विमान में धुआं दिखने से मची अफरा-तफरी, आपात निकासी के दौरान दो यात्री घायल

 | 
इंडिगो विमान में धुआं दिखने से मची अफरा-तफरी, आपात निकासी के दौरान दो यात्री घायल


इंडिगो विमान में धुआं दिखने से मची अफरा-तफरी, आपात निकासी के दौरान दो यात्री घायल


बेंगलुरु, 26 मई (हि.स.)। बेंगलुरु से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक उड़ान में केबिन और कॉकपिट में धुआं दिखाई देने के बाद यात्रियों को आपात स्थिति में विमान से बाहर निकाला गया। घटना के दौरान सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया, हालांकि निकासी प्रक्रिया के दौरान दो यात्रियों को मामूली चोटें आईं।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, इंडिगो का एयरबस ए321 विमान उड़ान संख्या 6ई-6017 बेंगलुरु से चेन्नई के लिए रवाना होने वाला था। विमान के पुशबैक के बाद टैक्सी प्रक्रिया शुरू होने के दौरान कॉकपिट और केबिन में धुआं देखा गया, जिसके बाद चालक दल ने तत्काल आपात प्रोटोकॉल लागू किया।

स्थिति को देखते हुए चालक दल ने सभी इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल करते हुए यात्रियों की सुरक्षित निकासी कराई। इस दौरान अफरा-तफरी के बीच दो यात्रियों को हल्की चोटें आईं। अधिकारियों के अनुसार दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई है।

घटना के बाद संबंधित विमान को जांच और तकनीकी सुधार के लिए फिलहाल सेवा से हटा दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विमानन नियामक संस्था नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय