home page

अब कोहरे से नहीं होंगी उड़ानों में देरी, दिल्ली एयरपोर्ट पर लॉन्च हुआ देश का पहला ‘स्काई कास्ट’ सिस्टम

 | 
अब कोहरे से नहीं होंगी उड़ानों में देरी, दिल्ली एयरपोर्ट पर लॉन्च हुआ देश का पहला ‘स्काई कास्ट’ सिस्टम


नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। कोहरे के कारण उड़ानों में देरी में अब कमी आएगी। शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल तीन पर भारत के पहले स्काई कास्ट सिस्टम की शुरुआत की गई। इसके जरिए पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को रियल-टाइम मौसम संबंधी जानकारी मिलेगी, जिससे कोहरे, खराब दृश्यता और मौसम संबंधी अन्य समस्याओं के कारण होने वाली फ्लाइट देरी, डायवर्जन और कैंसिलेशन में कमी आएगी। भारत अब ऐसा एडवांस इंटीग्रेटेड एविएशन वेदर मॉनिटरिंग सिस्टम लगाने वाला दुनिया का 19वां देश बन गया है।

इस मौके पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्काई कास्ट सिस्टम का उद्घाटन करते हुए इसे भारतीय विमानन क्षेत्र में एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि बताया। उन्होंने बताया कि दिल्ली के बाद अगला स्काई कास्ट सिस्टम जेवर एयरपोर्ट पर स्थापित किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से देश के अन्य एयरपोर्ट्स पर भी इस तकनीक का विस्तार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मिशन मौसम विजन के तहत भारत अब “फॉग-फ्री फ्लाइट्स” की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

यह सिस्टम सिर्फ एविएशन सेक्टर ही नहीं, बल्कि मौसम पूर्वानुमान, प्रदूषण प्रबंधन, शहरी मौसम निगरानी और आपदा प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यह सिस्टम “मिशन मौसम” के तहत विकसित किया गया है। इसमें कई आधुनिक मौसम निगरानी तकनीकों को एक साथ जोड़ा गया है, जिनमें रडार, फॉग एरोसोल स्पेक्टोमीटर, लीडार सीइएलोमीटर, माइक्रोवेव रेडियोमीटर सोडार सिस्टम

शामिल हैं।

ये उपकरण एयरपोर्ट के ऊपर लगभग 3 किलोमीटर तक के वातावरण की लगातार निगरानी करते हैं। इससे हवा की दिशा, गति, नमी, कोहरे की स्थिति और टर्बुलेंस जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां तुरंत मिल सकेंगी। सिस्टम के लागू होने से कोहरे के दौरान सुरक्षित टेक-ऑफ और लैंडिंग संभव होगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी