home page

शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक हत्याकांड में छठा आरोपित गिरफ्तार

 | 
शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक हत्याकांड में छठा आरोपित गिरफ्तार


कोलकाता, 22 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक और आरोपित को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान नवीन कुमार सिंह (35) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र अंतर्गत थम्हनपुरा गांव का निवासी है। सीबीआई ने उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर नवीन कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। एजेंसी को चंद्रनाथ रथ की हत्या में उसकी कथित संलिप्तता के संबंध में विशेष सूचना मिली थी।

जांच एजेंसियों का मानना है कि नवीन कुमार सिंह के पास से बरामद हथियारों का इस्तेमाल इस चर्चित हत्याकांड में किया गया हो सकता है। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका उपयोग हत्या में हुआ था या नहीं।

इस बीच, सीबीआई ने पश्चिम बंगाल की एक अदालत में याचिका दायर कर राज सिंह को रिहा करने की मांग की है, जिसे पहले इस मामले की जांच कर रही पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बलिया से गिरफ्तार किया था। बाद में सीबीआई ने “असली” राज कुमार सिंह उर्फ राज सिंह को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया।

अधिकारियों के अनुसार, वाराणसी इकाई की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) टीम ने 19 मई को बलिया पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नवीन कुमार सिंह के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए।

बरामदगी के बाद फेफना थाने में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पूछताछ के दौरान नवीन ने कथित तौर पर बताया कि सात मई को ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मन्नू नामक अपराधी उससे मिला था। उसके साथ राज कुमार सिंह और गोलू सिंह भी मौजूद थे।

नवीन ने दावा किया कि बाद में मन्नू ने उसे हथियारों से भरा एक बैग सौंपा था। उसकी निशानदेही पर एसटीएफ टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक कार शोरूम से बैग बरामद किया। पुलिस ने वहां से तीन पिस्तौल, दो रिवॉल्वर, .32 बोर के 45 जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे और एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद पिस्तौलों में से एक अमेरिका निर्मित बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, राज कुमार सिंह को पहले ही मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मन्नू और गोलू सिंह अब भी फरार हैं। सीबीआई अधिकारी जांच के सिलसिले में पहले मन्नू के बलिया स्थित घर भी पहुंचे थे। गिरफ्तारी के बाद नवीन कुमार सिंह को बलिया की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मऊ जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि चंद्रनाथ रथ की छह मई को उत्तर 24 परगना जिले में नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर