home page

शिलांग में असमिया नागरिकों पर हमले की जांच के लिए एसआईटी गठित: उपमुख्यमंत्री एस धर

 | 
शिलांग में असमिया नागरिकों पर हमले की जांच के लिए एसआईटी गठित: उपमुख्यमंत्री एस धर


गुवाहाटी, 22 अगस्त (हि.स.)। शिलांग में असमिया नागरिकों पर बीते 19 अगस्त को किए गए हमले की घटना को लेकर स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। यह जानकारी मेघालय के उप मुख्यमंत्री एस धर ने आज गुवाहाटी में आयोजित एक बैठक के बाद दी है। शिलांग में असमिया नागरिकों पर हुए हमले की घटना के तीन दिन बाद आज असम और मेघालय दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों के बीच गुवाहाटी के कोइनधारा में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित होने के बाद मेघालय के उप मुख्यमंत्री ने उपरोक्त बातें कही।

असम और मेघालय में उपजे विवाद के समाधान के लिए आज मेघालय सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उप मुख्यमंत्री एस धर ने किया वहीं असम की ओर से मंत्री अतुल बोरा किया। दोनों राज्यों के प्रमुख मंत्रियों की अगुवाई में आज महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इसके बाद असम-मेघालय प्रतिनिधि दल ने एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित की जिसमें मेघालय सरकार ने मेघालय में असम के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी। उच्चस्तरीय बैठक में असम सरकार की ओर से नेतृत्व किया सीमा सुरक्षा और विकास मंत्री अतुल बोर ने और मेघालय सरकार की तरफ से उप मुख्यमंत्री एस धर ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद मेघालय सरकार की ओर उप मुख्यमंत्री एस धर और असम सरकार की ओर से मंत्री अतुल बोरा संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

मेघालय सरकार के उपमुख्यमंत्री एस धर ने कहा कि ‘‘मेघालय की घटना के संबंध में 15 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस घटना में शामिल 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में 54 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। 48 घंटे के भीतर असम के पर्यटकों को उचित सुरक्षा के साथ वापस उनके घरों में भेजा जाएगा। मेघालय सरकार ने सुरक्षा के प्रबंध किए हैं ताकि पर्यटकों के साथ कोई अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। शिलांग में असमिया नागरिकों पर हमले की घटना को लेकर एसआईटी बनाई गई है।’’

इस बैठक के अंत में असम के मंत्री अतुल बारा ने कहा कि ‘‘असमिया लोगों पर हुए हमले की घटना को लेकर मेघालय सरकार ने एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) बनाई है। शिलांग की घटना पर मेघालय सरकार ने दुख व्यक्त किया है। इस बीच, मेघालय पुलिस ने घटना में शामिल 5 अज्ञात लोगों की पहचान कर ली है। 3,717 वाहन सुरक्षित रूप से असम भेजने में सक्षम रहे हैं। 175 लोगों ने पुलिस से मदद मांगी है।’’ इसके साथ ही असम सरकार के मंत्री ने असम के जोराबाट में प्रदर्शनरत प्रदर्शनकारियों से विरोध वापस लेने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय